आरसीबी की सनराइजर्स पर बड़ी जीत
कप्तान फाफ डुप्लेसी (50 गेंद में नाबाद 73) की शानदार बल्लेबाजी के बाद वानिंदु हसारंगा (18 रन पर पांच विकेट) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने आईपीएल मुकाबले में रविवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को 67 रन से करारी शिकस्त दी।
![]() मुंबई : सनराइजर्स हैदराबाद के पांच विकेट चटकाने पर खुशी मनाते बेंगलोर के गेंदबाज हसारंगा। |
इस जीत के बाद टीम के 12 मैचों में 14 अंक हो गए जबकि हैदराबाद के 11 मैचों में 10 अंक है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 192 रन बनाने के बाद हैदराबाद की पारी को 19.2 ओवर में 125 रन पर समेट दिया।
डुप्लेसी ने 50 गेंद की पारी में आठ चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रजत पाटीदार (48) के साथ 105 और तीसरे विकेट के लिए ग्लेन मैक्सवेल (33) के साथ 54 रन की शानदार साझेदारी की। पाटीदार ने 38 गेंद की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए तो वहीं मैक्सवेल ने 24 गेंद की पारी में तीन चौके और दो छक्के उड़ाए। दिनेश कार्तिक ने आखिरी ओवरों में आठ गेंद की नाबाद पारी में चार छक्के और एक चौका लगाकर नाबाद 30 रन बनाए। उन्होंने आखिरी ओवर में अपना पहला मैच खेल रहे फजलहक फारुखी के खिलाफ लगातार तीन छक्के मारे। इस ओवर में टीम ने 25 रन बनाए। हैदराबाद के लिए जगदीश सुचित ने चार ओवर में 30 रन देकर दो जबकि कार्तिक त्यागी ने चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद के लिए राहुल त्रिपाठी ने 37 गेंद में छह चौके और दो छक्के जड़ित पारी में 58 रन बनाए। उनके अलावा एडेन मार्कराम (21) और निकोलस पूरण (19) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके। आरसीबी के लिए मैन ऑफ द मैच हसरंगा के पांच के अलावा जोस हेजलवुड ने दो जबकि मैक्सवेल और हषर्ल पटेल ने एक-एक विकेट लिए। इससे पहले हैदराबाद की शुरुआत काफी खराब रही। टीम ने पहले ओवर में ही दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। कप्तान केन विलियमसन (शून्य) पहली गेंद पर स्ट्राइक पर आए बिना रन आउट हो गए। मैक्सवेल ने इस ओवर में अभिषेक शर्मा को खाता खोले बगैर बोल्ड किया।
एडेन मार्कराम ने तीसरे ओवर में मैक्सवेल की शुरुआती दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर दबाव को कुछ कम किया। राहुल त्रिपाठी ने छठे ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद को दर्शकों के पास भेजा। वानिंदु हसारंगा द्वारा किए गए नौवें ओवर में मार्कराम गेंद को कोहली के हाथों में खेल बैठे। मार्कराम ने 27 गेंद में 21 रन बनाने के साथ त्रिपाठी के साथ 50 रन की साझेदारी की। त्रिपाठी ने 10वें ओवर में शाहबाज के खिलाफ दो चौके जड़े तो वहीं पूरण ने हषर्ल पटेल की गेंद पर छक्का जड़ दिया। वह हालांकि 13वें ओवर में हसारंगा की गुगली पढ़ने में नाकाम रहे और शाहबाज को कैच देकर पैवेलियन लौट गए।
त्रिपाठी ने इसके बाद मोहम्मद सिराज के खिलाफ छक्का जड़ कर 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन इसके बाद टीम के बल्लेबाज जरूरी रन गति का दबाव नहीं झेल सके। पारी के 15वें ओवर में जगदीश सुचित (दो रन) हसारंगा के तीसरे शिकार बने। शशांक सिंह ने छक्के के साथ इस ओवर में खाता खोला लेकिन हेजलवुड ने लगातार दो गेंदों पर त्रिपाठी और कार्तिक त्यागी (शून्य) को आउट कर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। अगले ओवर में हसरंगा ने लगातार गेंदों पर शशांक सिंह (आठ) और उमरान मलिक (शून्य) को आउट किया जिससे टीम का स्कोर पांच विकेट पर 114 रन से नौ विकेट पर 114 रन हो गया। हषर्ल ने आखिरी ओवर में भुवनेर को आउट (आठ) कर हैदराबाद की पारी को समेट दिया।
| Tweet![]() |