फिरोजशाह कोटला का नाम अब होगा अरुण जेटली स्टेडियम

Last Updated 28 Aug 2019 10:40:33 AM IST

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ ने अपने पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के नाम पर राजधानी के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम का नाम रखने का फैसला किया है।


प्रतिकात्मक फोटो

फिरोजशाह कोटला स्टेडियम का नाम अब अरुण जेटली स्टेडियम रखा जाएगा। डीडीसीए ने मंगलवार को यह फैसला किया। हालांकि यह मैदान फिरोजशाह कोटला मैदान ही रहेगा और स्टेडियम का नाम अरुण जेटली स्टेडियम रखा जाएगा। जेटली का 24 अगस्त को निधन हो गया था। वह 1999 से 2013 तक डीडीसीए के अध्यक्ष रहे थे।

डीडीसीए के अध्यक्ष रजत शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस बारे में आगामी 12 सितम्बर को राजधानी में एक समारोह के दौरान यह घोषणा की जाएगी। इसी समारोह में कोटला के एक स्टैंड का नाम भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम पर भी रखा जाएगा।

रजत शर्मा ने कहा, ‘जेटली को यह डीडीसीए की तरफ से श्रद्धांजलि होगी। इस स्टेडियम का पुनर्निमाण उस समय हुआ था जब जेटली डीडीसीए के अध्यक्ष थे। इसलिए हमने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि इस स्टेडियम का नाम अरुण जेटली के नाम पर रखा जाए। जेटली के समर्थन और प्रोत्साहन से ही विराट कोहली, विरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, आशीष नेहरा, ऋषभ पंत और कई अन्य क्रिकेटरों ने भारतीय टीम में जगह बनाई।’

समारोह में विराट के नाम पर उनके घरेलू फिरोजशाह कोटला मैदान के एक स्टैंड का नाम रखा जाएगा। विराट इस तरह सबसे युवा सक्रिय क्रिकेटर बन जाएंगे जिनके नाम पर फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के एक स्टैंड का नाम रखा जाएगा। यह समारोह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम कॉम्लेक्स स्थित भारोत्तोलन हाल में होगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे और केंद्रीय खेल मंत्री किरन रिजिजू सम्मानीय अतिथि होंगे।

विराट ऐसे तीसरे खिलाड़ी होंगे जिनके नाम पर कोटला के स्टैंड का नाम रखा जाएगा। इससे पहले बिशन सिंह बेदी और मोहिंदर अमरनाथ के नाम पर कोटला के दो स्टैंड के नाम रखे गए हैं लेकिन ये दोनों खिलाड़ी रिटायर हो चुके हैं और उनके रिटायर होने के काफी साल बाद जाकर कोटला में के नाम पर स्टैंड के नाम रखे गए जबकि इस हॉल ऑफ फेम में विराट सबसे युवा और सक्रिय खिलाड़ी हैं।

सहवाग और अंजुम चोपड़ा के नाम पर कोटला के गेट रखे गए हैं जबकि हॉल ऑफ फेम पूर्व भारतीय कप्तान मंसूर अली खां पटौदी के नाम पर रखा गया है।

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment