IPL: अंपायर से बहस करने पर धोनी की आलोचना, मैच फीस का लगा 50 फीसदी जुर्माना

Last Updated 12 Apr 2019 12:13:39 PM IST

चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को राजस्थान रायल्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान नोबाल के फैसले पर अंपायर से बहस के कारण काफी आलोचना झेलनी पड़ रही है।


बीच मैदान अंपायरों से भिड़े कैप्टन कूल धोनी

‘कैप्टन कूल’ धोनी ने अपने स्वभाव के विपरीत आपा खो दिया और डगआउट से बाहर निकलकर अंपायर से बहस करने लगे। अंपायर उल्हास गांधे ने बेन स्टोक्स की गेंद नोबाल करार दी थी लेकिन स्क्वेयर लेग अंपायर से मशविरे के बाद फैसला बदल दिया। धोनी पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।      

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान, आस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्क वॉ, भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा और हेमांग बदानी ने धोनी की आलोचना की है।  वान ने कहा, ‘‘कप्तान का पिच पर आना सही नहीं है। मुझे पता है कि वह एम एस धोनी है और इस देश में वह कुछ भी कर सकते हैं लेकिन डगआउट से निकलकर अंपायर पर ऊंगली उठाना सही नहीं है। बतौर कप्तान उन्होंने गलत मिसाल पेश की है।’’     

वॉ ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे पता है कि टीमों पर फ्रेंचाइजी का दबाव होता है लेकिन मैं दो घटनाओं से काफी निराश हूं। अश्विन और अब एम एस। यह अच्छा नहीं है।’’    

भारत के पूर्व बल्लेबाज चोपड़ा ने कहा, ‘‘इस आईपीएल में अंपायरिंग का स्तर काफी खराब रहा है। वह निश्चित तौर पर नोबाल थी लेकिन विरोधी कप्तान को आउट होने के बाद यूं पिच पर आने का कोई अधिकार नहीं है। धोनी ने गलत परिपाटी कायम की।’’     

बदानी ने कहा, ‘‘अंपायर को अधिकार था कि वह अपने फैसले को बदले। मैं धोनी की प्रतिक्रिया पर हैरान हूं। कैप्टन कूल ने ऐसा कैसे कर दिया।’’

ऐसा संभवत: पहली बार हुआ जब ‘कैप्टन कूल’ ने अपना आपा खोया और अंपायर उल्हास गांधे के फैसले को चुनौती देने डगआउट से निकलकर मैदान पर आ गए।     

बीसीसीआई ने कहा, ‘‘चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एम एस धोनी पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। उन्होंने जयपुर में राजस्थान रायल्स के खिलाफ मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन किया।’’      

गांधे ने रायल्स के गेंदबाज बेन स्टोक्स की एक गेंद नोबाल दी लेकिन स्क्वेयर लेग अंपायर ब्रूस ओक्सेनफोर्ड से मशविरे के बाद फैसला वापिस ले लिया।  विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘धोनी ने अपराध और सजा स्वीकार कर ली है।’’

भाषा
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment