डेविस कप प्रतियोगिता के लिए भारतीय टेनिस टीम पाकिस्तान के दौरे पर गई है। 60 साल बाद इस टूर्नामेंट के लिए भारत पाकिस्तान पहुंची है।
भारतीय उच्चायोग ने यहां 60 साल में पहली बार आई भारतीय डेविस कप टीम की अगवानी की। भारतीय टेनिस टीम पाकिस्तान से डेविस कप मुकाबला खेलने आई है। पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त गीतिका श्रीवास्तव ने बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत किया। पिछली बार भारतीय डेविस कप टीम 1964 में पाकिस्तान आई थी।
दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव के कारण खेल संबंध भी अवरूद्ध हैं। श्रीवास्तव ने कहा ,‘ भारतीय राष्ट्रीय टीम का यहां स्वागत करना गर्व की बात है। यह ऐतिहासिक मौका है कि भारतीय टीम इतने लंबे समय बाद पाकिस्तान आई है। हम सभी टीम को शुभकामना देते हैं ।’’
उच्चायोग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों से बातचीत की और खेल के बारे में सवाल भी पूछे।
भारत और पाकिस्तान तीन और चार फरवरी को डेविस कप विश्व ग्रुप वन मुकाबला खेलेंगे। विजेता ग्रुप वन में ही रहेगा जबकि हारने वाली टीम ग्रुप टू में खिसक जायेगा। भारत डेविस कप के इतिहास में कभी पाकिस्तान से हारा नहीं है।