Hangzhou Asian Games : भारत, पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीमें एक ही ग्रुप में
भारत और पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम को चीन के हांगझोउ में होने वाले एशियाई खेलों के लिए एक ही ग्रुप में रखा गया है जहां इन दोनों टीमों का सामना 30 सितम्बर को होगा।
![]() भारत और पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम (प्रतिकात्मक चित्र) |
भारत और पाकिस्तान को जापान, बांग्लादेश, सिंगापुर और उज्बेकिस्तान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। भारत अपना पहला मैच 24 सितम्बर को उज्बेकिस्तान से खेलेगा। पुरुष वर्ग का फाइनल छह अक्टूबर को जबकि महिला वर्ग का फाइनल इसके एक दिन बाद खेला जाएगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम को भी ग्रुप ए में रखा गया है जहां उसका सामना हांगकांग, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया और मलयेशिया से होगा। भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 27 सितम्बर को सिंगापुर के खिलाफ करेगी। अभी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय पुरुष टीम का नेतृत्व कर रहे हरमनप्रीत सिंह ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘हमें अपने पूल में कुछ मजबूत टीमों के साथ रखा गया है, जिसमें जापान भी शामिल है। जापान ने जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। हम सभी टीमों के साथ एक जैसे रवैया अपनायेंगे और किसी भी मुकाबले को हल्के में नहीं लेंगे।’
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘हमें पहले से ही एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में इनमें से कुछ देशों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिल रहा है और हम भविष्य में इस अनुभव का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।’
पुरुष वर्ग के ग्रुप बी में दक्षिण कोरिया, मलयेशिया, चीन, ओमान, थाईलैंड और इंडोनेशिया जबकि महिला वर्ग के ग्रुप बी में जापान, चीन, थाईलैंड, कजाकिस्तान और इंडोनेशिया शामिल हैं। भारतीय पुरुष टीम उज्बेकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने के बाद 26 सितम्बर को सिंगापुर तथा 28 सितम्बर को जापान से भिड़ेगी। पाकिस्तान से उसका मुकाबला 30 सितम्बर को होगा।
जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने के बाद भारतीय महिला टीम स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करेगी। भारतीय महिला टीम की कप्तान सविता ने कहा, ‘हमें अपने पूल में कुछ मजबूत टीमों के साथ रखा गया है। हमें प्रतियोगिता में अच्छा परिणाम हासिल करने का विास है।’ उन्होंने कहा, ‘हांगझोउ एशियाई खेल एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इसका महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इससे ओलंपिक क्वालीफिकेशन सुनिश्चित होगा।’
| Tweet![]() |