पैरालंपिक (निशानेबाजी) : गोल्ड के बाद अवनि लेखारा ने साधा कांस्य पदक पर निशाना

Last Updated 03 Sep 2021 01:06:30 PM IST

भारत की पैरा निशानेबाज अवनि लेखारा ने यहां जारी टोक्यो पैरालंपिक में महिला 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच 1 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया।


गोल्ड के बाद अवनि ने साधा कांस्य पदक पर निशाना

अवनि का इस पैरालंपिक में यह दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच 1 वर्ग में 249.6 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता था। अवनि के पदक जीतने के साथ ही भारत ने टोक्यो में अबतक 12 पदक अपने नाम किए हैं।

अवनि 445.9 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस इवेंट का स्वर्ण पदक चीन की कुलपिंग झांग ने जीता जिन्होंने 457.9 का स्कोर किया जबकि जर्मनी की नतास्चा हिलट्रोप ने 457.1 अंक लेकर रजत पदक अपने नाम किया।

भारत ने दिन का दूसरा पदक अपने नाम किया है। अवनि से पहले प्रवीण कुमार ने टोक्यो पैरालंपिक में एशियाई रिकॉर्ड के साथ पुरूषों की ऊंची कूद टी64 स्पर्धा में रजत पदक जीता। उन्होंने पैरालंपिक में पदार्पण करते हुए 2.07 मीटर की कूद से एशियाई रिकॉर्ड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार और निशानेबाज अवनि लेखरा को बधाई दी है।

राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति कोविंद के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘पैरालंपिक में प्रवीण कुमार का शानदार प्रदर्शन। पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में आपके रजत पदक के साथ एशियाई रिकार्ड ने सभी खेल प्रेमियों को हर्षित किया है। आपकी सफलता सभी उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।’’

राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘पैरालंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं अवनि लेखरा। इतनी कम उम्र में यह अभूतपूर्व उपलब्धि है। सफलता के लिये आपकी प्रतिबद्धता सभी के लिये प्रेरणा है। भविष्य के प्रयासों के लिये आपको शुभकामनाएं।’’

अवनि इसके साथ ही एक पैरालंपिक में एक से ज्यादा पदक जीतने वाली पहली महिला और दूसरी भारतीय पैरा एथलीट बन गई हैं। उनसे पहले जोगिंद सिंह बेदी ने एक पैरालंपिक में एक से ज्यादा पदक जीते थे।

बेदी ने 1984 में स्टोक मांदेविले में हुए पैरालंपिक में शॉट पुट एल 6 में रजत और भाला फेंक एफ 46 तथा डिस्कस थ्रो एल 6 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया था।

अवनि अब रविवार को मिक्सड 50 मीटर राइफल प्रोन एसएच 1 इवेंट में प्रतिस्पर्धा करती नजर आएंगी।

भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अबतक दो स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य सहित कुल 12 पदक अपने नाम किए हैं।
 

आईएएनएस/भाषा
टोक्यो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment