BBC सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: फर्राटा धाविका दुती चंद को नामित के लिए मिली बधाइयां

Last Updated 09 Feb 2021 01:11:20 PM IST

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने प्रतिष्ठित बीबीसी ‘साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी’ के पुरस्कार के लिए नामांकन हासिल करने पर फर्राटा धाविका दुती चंद को बधाई दी।


दुती चंद को नामित के लिए मिली बधाइयां (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ओडिशा की धाविका दुती चंद को बीबीसी ‘साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी’ के पुरस्कार के नामांकन के लिए बधाई। उसे बहुत-बहुत शुभकामनाएं और मेरी कामना है कि वह इसी तरह से प्रेरित करती रहे।’’    



ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने भी दुती को बधाई दी।    

कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘2021 के लिए बीबीसी ‘साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी पुरस्कार’ का नामांकन हासिल करने पर दुती चंद को हार्दिक बधाई। ओडिशा को उनकी इस अद्भुत उपलब्धि पर गर्व है। आप ओडिशा की हर लड़की के लिए एक प्रेरणा हैं।’’    



25 साल की दुती 100 मीटर की राष्ट्रीय चैम्पियन हैं और वह दक्षिण एशिया की सबसे तेज फर्राटा धाविका हैं।    

इस पुरस्कार के लिए उनके साथ भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, शतरंज खिलाड़ी कोनेरू हंपी, युवा निशानेबाज मनु भाकर, तोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल कर चुकी पहलवान विनेश फोगाट को नामांकन मिला है। इन खिलाड़ियों का नामांकन 40 सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया है।    

विजेता का फैसला सार्वजनिक मतदान द्वारा किया जाएगा। प्रशंसक बीबीसी के छह भाषा मंचों में से किसी पर अपने पसंदीदा खिलाड़ी के लिए मतदान कर सकते हैं। मतदान 24 फरवरी तक खुला है और विजेता की घोषणा आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन की जाएगी।     
पिछले साल इन पुरस्कारों की शुरूआत हुई थी और ओलंपिक रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू इसकी पहली विजेता बनीं थी। 

भाषा
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment