भारतीय हॉकी टीमों को टोक्यो ओलम्पिक का टिकट

Last Updated 03 Nov 2019 02:26:18 AM IST

भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने शनिवार को यहां कलिंगा स्टेडियम में क्रमश: रूस और अमेरिका को हराकर 2020 के टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया।


भुवनेश्वर : टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम।

भारतीय महिला टीम ने कप्तान रानी रामपाल के चौथे क्वार्टर में निर्णायक गोल की बदौलत अमेरिका को कुल 6-5 के स्कोर से हराकर तीसरी बार ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया जबकि पुरुष टीम ने रूस को 11-3 से रौंदकर ओलम्पिक का टिकट हासिल किया। भारतीय महिला टीम ने ओलम्पिक क्वालीफायर्स के पहले मैच में शुक्रवार को अमेरिका को 5-1 से हराया था लेकिन दूसरे मैच में अमेरिका ने 4-1 से जीत हासिल की। भारत का दोनों मैचों में कुल स्कोर छह गोल रहा जबकि अमेरिका का पांच गोल रहा। भारत ने इस तरह कुल 6-5 के स्कोर से क्वालीफायर जीत लिया। विश्व की पांचवें नंबर की भारतीय पुरुष टीम ने 22वें नंबर रूस को पहले मैच में 4-2 से हराया था जबकि दूसरे मैच में उसने रूस को 7-1 के अंतर से रौंद दिया। पुरुष टीम ने 21वीं बार ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया। भारत केवल 2008 के बीजिंग ओलम्पिक में नहीं खेल पाया था।
क्वालीफायर के प्रारूप के हिसाब से ओलंपिक क्वालीफायर्स में मैच में जीतने पर तीन अंक और ड्रा रहने पर एक अंक मिलता है। भारत और अमेरिका के एक बराबर 3-3 अंक रहे। इसके बाद गोल औसत देखा गया जिसमें भारत एक गोल से आगे रहा। भारत व रूस के मैच में भारत ने दोनों मैच जीते और उसका गोल औसत 11-3 रहा।

महिला मुकाबले में भारत की सांसें उस समय थम गयी थीं जब अमेरिका ने 4-0 की बढ़त बना ली थी और कुल स्कोर 5-5 से बराबर हो चुका था। रानी रामपाल ने आखिरी क्वार्टर शुरू होने के तुरंत बाद मैदानी गोल दागा और भारत के लिए यह गोल अंत में निर्णायक साबित हुआ। भारतीय महिला टीम इस तरह तीसरी बार ओलम्पिक खेलने उतरेगी। महिला टीम इससे पहले 1980 के मास्को और 2016 के रियो ओलम्पिक में खेली थी।
रिकॉर्ड आठ बार के चैंपियन भारत को कल पहले मुकाबले में रूस ने कुछ चुनौती दी थी लेकिन आज दूसरे मैच में भारत की ताकत के आगे रूस  की टीम बेबस हो गयी। रूस ने हालांकि पहले ही मिनट में गोल कर भारत को चौंका दिया लेकिन इसके बाद भारत ने पहले मिनट में गोल खाने का अपना सारा गुस्सा रूस पर निकाल दिया। एलेक्सी सोबोलेवस्की ने पहले मिनट में मैदानी गोल किया।  पहले क्वार्टर में पिछड़े रहने के बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट में जाकर बराबरी हासिल जिससे भारतीय प्रशंसकों ने राहत की सांस ली कि कोई अनहोनी नहीं होने जा रही है। ललित उपाध्याय ने 17वें मिनट में भारत को बराबरी दिला दी जबकि आकाशदीप सिंह ने 27वें और 29वें मिनट में गोल कर भारत को आधे समय तक 3-1 से आगे कर दिया। नीलकांत शर्मा ने 47वें मिनट में चौथा, रुपिंदर पाल सिंह ने 48वें मिनट में पांचवां और 59वें मिनट में छठा तथा अमित रोहिदास ने 60वें मिनट में सातवां गोल कर भारत को ओलम्पिक टिकट दिला दिया।

वार्ता
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment