खेल जगत ने इसरो को सलाम किया

Last Updated 08 Sep 2019 06:51:19 AM IST

‘चंद्रयान-दो’ के लैंडर ‘विक्रम’ के चंद्रमा की सतह पर पहुंचने से कुछ ही मिनटों पहले उससे संपर्क टूट जाने के बाद खेल जगत ने शनिवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान (इसरो) के वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए अगली बार मजबूती से वापसी करने को कहा।


क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (file photo)

गौरतलब है कि ‘चंद्रयान-दो’ के लैंडर ‘विक्रम’ का चांद पर उतरते समय जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया था। सपंर्क तब टूटा जब लैंडर चांद की सतह से 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर था। मिशन के पूरी तरह से सफल नहीं होने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नासा ने वैज्ञानिकों की तारीफ की।
भारतीय खेल जगत ने भी सोशल मीडिया के जरिये वैज्ञानिकों के इस अथक प्रयास की तारीफ की। क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया, ‘विज्ञान में असफलता जैसा कुछ नहीं है, हम प्रयोग करते हैं और हमें फायदा होता है। इसरो में वैज्ञानिकों के लिए बहुत सम्मान जिन्होंने दिन-रात लगातार काम किया। राष्ट्र को आप पर गर्व है, जय हिंद।’ पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने ट्विटर पर लिखा, ‘यह विफलता तभी है जब हम अपनी असफलताओं से सीख नहीं लेते हैं। हम और मजबूत होकर लौटेंगे। मैं इसरो की महान टीम भावना को सलाम करता हूं कि उन्होंने एक अरब भारतीयों को एक साथ, एक जैसा सपना दिखाया। सर्वश्रेष्ठ निश्चित रूप से अभी आना बाकी है।’

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में उस वीडियो को पोस्ट किया जिसमें मोदी निराश और भावुक दिख रहे इसरो प्रमुख के. सिवन को गले लगाते और उन्हें दिलासा देते हुए भी देखे गए। गंभीर ने इस ट्वीट में लिखा, ‘‘ऐ चांद छू लेंगे तुझे भी जल्द ही, अभी ज़रा कुछ दिलों को छू लें!!! ये तस्वीरें भारत और मानवता को परिभाषित करती हैं। नरेंद्र मोदी सर और के. सिवन आप पर गर्व है।’ वीरेन्द्र सहवाग ने ट्वीट किया, ‘ख्वाब अधूरा रहा पर हौसलें ज़िदा हैं , इसरो वह है, जहां मुश्किलें शर्मिंदा हैं। हम होंगे कामयाब।’ ओलंपिक पदक विजेता योगेर दत्त ने ट्विटर पर लिखा, ‘हमें गर्व है अपने वैज्ञानिकों पर और यकीन है की अगले प्रयास में सफलता ज़रूर मिलेगी। जय हिंद, जय भारत।’

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment