प्रियंका गांधी ने कहा, उत्तराखंड में भर्ती घोटालों का बड़ा रैकेट चल रहा है

Last Updated 04 Sep 2022 05:33:28 PM IST

उत्तराखंड में विधानसभा सहित तमाम भर्तियों के विवाद को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार को घेरा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर हुए भ्रष्टाचार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चाहे उत्तराखंड हो या उत्तर प्रदेश, भाजपा की सरकारें देशभर के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही हैं।


कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा

दरअसल, उत्तराखंड में विधानसभा सहित तमाम भर्तियों के विवाद में इससे पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रदेश की धामी सरकार को आड़े हाथों लिया था। अब उनके बाद पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने शनिवार को अपने फेसबुक पेज में कहा कि उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर हुए भर्ती घोटालों ने होनहार युवाओं को निराश किया है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एक तरफ, राज्य के अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भ्रष्टाचार सामने आया है। वहीं, दूसरी ओर विधानसभा में हुई भर्तियों में भी भारी घोटाला सामने आया है। इसमें तमाम नेताओं के रिश्तेदारों और संबंधियों को बड़ी संख्या में पद बांटे गए।

प्रियंका वाड्रा ने कहा कि इन घोटालों की जांच में नेता, पुलिसकर्मी, सचिवालय के कर्मचारी, आउटसोसिर्ंग कंपनी के कर्मचारी, कुछ युवा, कोर्ट के कर्मचारी और कोचिंग सेंटर से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों का कितना विशाल रैकेट चल रहा है।

आईएएनएस
देहरादून


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment