Rajya Sabha Bypoll: BJP के वरिष्ठ नेता डॉ दिनेश शर्मा ने दाखिल किया नामांकन, निर्विरोध निर्वाचन तय
राज्यसभा उपचुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार डॉक्टर दिनेश शर्मा ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया।
![]() राज्यसभा उपचुनाव : BJP दिनेश शर्मा ने दाखिल किया नामांकन |
शर्मा ने विधानभवन में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे।
#WATCH लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने पर कहा, "मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और कार्यकर्ता होने के नाते, मेरी पार्टी जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, मैं उसे निभाऊंगा... कार्यकर्ता के लिए पद महत्वपूर्ण… pic.twitter.com/cJkY6IPI35
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 5, 2023
शर्मा वर्ष 2017 से 2022 तक प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में उप मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।
यह सीट भाजपा के ही राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे के निधन के कारण खाली हुयी है, लिहाजा इस पर उपचुनाव कराया जा रहा है। दुबे का कार्यकाल नवंबर 2026 तक था। मतदान होने की स्थिति में आगामी 15 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।
राज्य विधानसभा में भाजपा को मिले जोरदार बहुमत के कारण शर्मा का राज्यसभा उपचुनाव में निर्वाचित होना लगभग तय है। दुबे की तरह वह भी ब्राह्मण समुदाय से हैं।
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 255 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी ‘अपना दल’ (सोनेलाल) और ‘निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल’ (निषाद) पार्टी के क्रमशः 13 विधायक और छह विधायक हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नए सहयोगी ओमप्रकाश राजभर की अगुवाई वाले ‘सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी’ (सुभासपा) के विधानसभा में छह विधायक हैं।
दूसरी ओर राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के पास 108 विधायक हैं जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के पास नौ विधायक हैं। कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के पास दो-दो विधायक हैं, जबकि बसपा के पास एक विधायक है। एक सीट (घोसी) खाली है, जिस पर हो रहे उपचुनाव का परिणाम आठ सितंबर को घोषित होगा।
लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर 59 वर्षीय डॉक्टर दिनेश शर्मा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं। उन्हें 2014 में भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया और लोकसभा चुनाव के दौरान वह गुजरात में पार्टी मामलों के प्रभारी बनाये गये।
शर्मा वर्ष 2008 में लखनऊ के महापौर चुने गए थे। वह 2012 में फिर से चुनाव में खड़े हुए और भारी बहुमत से जीते। उन्होंने संगठन (2014-15) के सदस्यता अभियान के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
| Tweet![]() |