भाजपा के संरक्षण में आपराधिक गतिविधियां शुरू : अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के संरक्षण में अपराधियों ने बिना खौफ अपनी अवांछनीय गतिविधियां शुरू कर दी हैं।
![]() भाजपा के संरक्षण में आपराधिक गतिविधियां शुरू : अखिलेश |
प्रशासनतंत्र भी उन पर हाथ डालने से हिचकता है। भाजपा राज में पहले भी भय और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। अब तो दोबारा सत्ता में आने से असामाजिक तत्वों को अहंकारी नेतृत्व का भी साथ मिल गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की वापसी पर दुद्धी सोनभद्र में होली में बुलडोजर पर हुड़दंगियों ने बारात निकाली। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। राज्य में दोबारा छल-बल से आयी भाजपा सरकार से जनता की उम्मीदों पर पानी फिरा है और चारों ओर निराशा का माहौल है। अभी तो शपथ भी नहीं हुई।
आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में होली के दिन घर में घुस कर साहिबाबाद थाना क्षेत्र में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप की विचलित करने वाली घटना प्रकाश में आयी है।
छात्रा जब थाने में शिकायत दर्ज कराने गई तो उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। यही नहीं उसके साथ अभद्रता भी की गई। भाजपा के झूठे वादों से परेशान होकर बुन्देलखण्ड के किसान और युवा आत्महत्या करने को मजबूर हैं। 71 दिनों में 76 लोगों ने खुदकशी की है। खुदकशी करने वालों में छात्र, नौजवान, बेरोजगार, किसान, महिलाएं तथा अन्य कई वगरे के लोग हैं। पीड़ित परिवारों की मदद भी नहीं की जा रही है। भाजपा सरकार पूर्णतया असंवेदनशील है।
| Tweet![]() |