यूपी में भाजपा सरकार के पक्ष में जनता में जबरदस्त जोश : अनुराग

Last Updated 30 Dec 2021 03:58:34 AM IST

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा के शहर प्रभारी अनुराग ठाकुर का कहना है कि पांच साल सरकार में रहने वाले सत्ताधारी दल आसानी से भीड़ जुटा सकते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार के पक्ष में जनता में जबरदस्त जोश स्वाभाविक है।


केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा के शहर प्रभारी अनुराग ठाकुर

उनका मानना है कि भाजपा प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर दोबारा सरकार बनाएगी।

बलिया, गाजीपुर में रोड शो करने के बाद काशी फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होने वाराणसी पहुंचे। यहां एक मुलाकात में ठाकुर ने फिल्म समारोह और उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर खुलकर बातें की।  उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा की स्थिति पर ठाकुर ने कहा कि वह नियमित तौर पर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में चुनावी सभाएं और रोड शो कर रहे हैं। भाजपा के हर कार्यक्रम में बहुत बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो रही है।

उन्होंने कहा कि भीड़ एकत्र करना बड़ी बात नहीं, लेकिन लोगों में जो उत्साह देखने को मिलता है, वह स्वाभाविक है। किसी के अंदर जोश भरा नहीं जा सकता। युवाओं में ज्यादा जोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पहचान छुपाकर स्वयं लोगों के बीच जाते हैं, पनवाड़ी और अन्य दुकानों में जाकर फीड बैक लेते हैं। ठाकुर ने कहा कि लोगों के फीड बैक और उत्साह को देखकर मैं पूरे विास से कह सकता हूं कि भाजपा को 300 प्लस सीटें मिलेंगी।

ठाकुर ने कहा कि तीन कारणों से भाजपा सरकार में दोबारा आएगी। पहला, कानून व्यवस्था, दूसरा, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को व्यक्तिगत लाभ देने और तीसरा, विकास कार्य। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछली सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य में बड़े पैमाने पर गुंडाराज और माफियाराज के कारण लोग उत्तर प्रदेश छोड़कर चले गए थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया कानून व्यवस्था इतनी मजबूत हो गई कि लोग चैन की सांस ले रहे हैं। माता-बहनें भय के बिना घर से बाहर निकल सकती हैं

व्यापारी और उद्योगपति उप्र में निडर होकर कर रहे हैं निवेश

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के 15 करोड़ लोगों को डबल राशन मुहैया कराया। करोड़ों किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत सम्मान राशि दी। जन-धन खाते में महिलाओं को आर्थिक मदद दी एवं 90 लाख विधवा पेंशन उपलब्ध कराई। यह निजी फायदे हैं, जो केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर जनता को दिए। तीसरा और महत्वपूर्ण कारण विकास है। अगर आप उत्तर प्रदेश में चले जाएं तो अनेक इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हाईवे, पोर्ट, शैक्षणिक संस्थान, मेडिकल कॉलेज आदि बन रहे हैं। प्रदेश सरकार ने 4.30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई एवं 3.30 लाख लोगों को अस्थाई काम दिया। मोदी-योगी की जोड़ी ने जनता का विास जीत लिया है।

महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑयल का दाम बढ़ने से भारत में भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। उसके बावजूद भारत सरकार और भाजपा शासित राज्यों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम की हैं। केवल कांग्रेस शासित राज्यों पंजाब और राजस्थान में कीमतें कम नहीं की, सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन के कारण पार्टी को नुकसान होने की संभावना पर उन्होंने कहा कि जब सरकार किसान कानून लाई थी, तभी वह किसानों के फायदे में था और किसानों की ही मांग पर जब कानून वापस ले लिए गए तो भी वह किसानों के फायदे में हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा से किसानों के हित में काम किया है। चाहे किसान सम्मान निधि, किसानों को सब्सिडी देने का मामला हो या अन्य जब भी किसान संकट में होता है तो मोदी सरकार और योगी सरकार किसानों के साथ खड़ी है।

रोशन/सहारा न्यूज ब्यूरो
वाराणसी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment