यूपी: उन्नाव में सोने के खजाने का दावा करने वाले संत शोभन सरकार का निधन

Last Updated 13 May 2020 12:23:47 PM IST

उत्तर प्रदेश के उन्नाव के डौंडिया खेड़ा में सोने का खजाना की भविष्यवाणी कर चर्चा में आए महंत विरक्तानंद सरस्वती शोभन सरकार का बुधवार सुबह निधन हो गया। जानकारी मिलते ही अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे।


संत शोभन सरकार (फाइल फोटो)

भक्तों का शिवली इलाके के बैरी गांव में स्थित शोभन सरकार के आश्रम में तांता लगाना शुरू हो गया। लॉकडाउन को देखते हुए मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। उनके निधन पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दु:ख जताया है।

शोभन सरकार का अंतिम संस्कार चौबेपुर के सुनौहरा आश्रम में गंगा किनारे होगा। महंत विरक्तानंद सरस्वती शोभन सरकार के नाम से विख्यात थे। साथ ही देश-विदेश की मीडिया की सुर्खियों में रहे थे।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करके लिखा कि शोभन सरकार "स्वामी विरक्त आनंद महाराज जी का देहावसान अत्यंत दु:खद! ईश्वर संत आत्मा को शांति एवं उनके लाखों अनुयाइयों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे। भावभीनी श्रद्धांजलि!"

गौरतलब है कि शोभन सरकार ने दावा किया था कि उन्हें सपने में फतेहपुर के रीवा नरेश के किले में शिव चबूतरे के पास 1000 टन सोने के दबे होने का पता चला है। इसके बाद ही साधु शोभन सरकार ने सरकार से सोना निकलवाने की बात कही थी।

सरकार ने उनके सपने को सच मानते हुए खजाने को खोजने के लिए खुदाई भी शुरू करवा दी। हालांकि कई दिनों तक चली खुदाई के बाद भी खजाना नहीं मिला। पूरे देश ही नहीं बल्कि विदेशी मीडिया में भी डौंडिया खेड़ा चर्चा का विषय हो गया था। विदेशों से पत्रकारों की टीमें यहां पहुंची थीं। पूरे देश की मीडिया कई दिनों तक यहां डेरा डाले रही थी और पल-पल की खबर बाहर आ रही थी।

आईएएनएस
कानपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment