रणजीत बच्चन हत्याकांड: संदिग्ध शूटर मुंबई से गिरफ्तार

Last Updated 06 Feb 2020 08:53:15 PM IST

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने हिन्दू नेता रणजीत बच्चन की लखनऊ में हुई हत्या के एक संदिग्ध शूटर को गुरुवार को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।


हिन्दू नेता रणजीत बच्चन

हिन्दू नेता रणजीत बच्चन की लखनऊ में हुई हत्या के एक संदिग्ध शूटर को गुरुवार को मुंबई से उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल गिरफ्तार करने के संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध द्वारा दी गई सूचना के आधार पर दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।      

अधिकारी ने हालांकि यह नहीं बताया कि इन दो लोगों को किन जगहों से पकड़ा गया है।      

विश्व हिन्दू महासभा की स्थापना करने वाले 40 वर्षीय बच्चन की लखनऊ में कुछ दिन पहले गोली मारकर तब हत्या कर दी गई थी जब वह सुबह की सैर पर निकले थे।      

अधिकारी ने कहा, ‘‘विशेष सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ ने मुंबई पुलिस की मदद से संदिग्ध शूटर को गुरुवार को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।’’      
 

उन्होंने कहा, ‘‘जांच के दौरान एसटीएफ को कुछ संदिग्धों के बारे में सुराग मिले थे। संदिग्धों की कॉल डीटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पता चला कि इनमें से एक मुंबई भाग गया है।’’      

अधिकारी ने कहा कि इस पर उप्र एसटीएफ की टीम बुधवार रात मुंबई पहुंची और मुंबई पुलिस की मदद से संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।      

उन्होंने कहा, ‘‘उससे (संदिग्ध) पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि उसने हिन्दू नेता पर कथित तौर पर गोली चलाई थी। उससे मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले के संबंध में दो और लोगों को हिरासत में लिया है।’’      

अधिकारी ने कहा कि इन तीनों के अतिरिक्त हत्याकांड में कुछ और लोगों के भी शामिल होने का संदेह है।
 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment