मोदी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र- जनता का दिल जीतें, दल जीत जाएगा

Last Updated 26 Apr 2019 11:43:32 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां नामांकन से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं को जीत का ‘गुरुमंत्र’ देते हुए कहा, ‘जनता का दिल जीतें, दल खुद जीत जाएगा।’


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के कैंट क्षेत्र में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजायी करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आप सब नरेंद्र मोदी हैं। आप बूथ स्तर के पीएम और एमपी हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का पद मौज के लिए नहीं होता। शरीर का कण-कण और पल पल देश के लिए आहूत करना पड़ता है। मैंने पांच वर्षों में ये करके दिखाया है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव जंग नहीं बल्कि त्योहार है। इसी भाव के साथ चुनाव प्रचार करने घर-घर जाएं। हर दल के लोगों से अच्छा व्यहार करें।     

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पहली बार वोट देने वालों का मुंह मीठा करने के साथ फूल देकर स्वागत करने का आह्वान किया। उन्होंने ये काम अभी से शुरू करने और चुनाव से पहले पूरा करने को कहा।

'राजनीति में खत्म हो रहे 'दोस्ती-प्रेम' को लाना है वापस'

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘दोस्ती और प्रेम जो राजनीति में खत्म हो रहा है, उसे वापस लाना है।’’    

उन्होंने कहा, ‘‘हमें हेकड़ी नहीं मारनी चाहिए कि हम ही सब कुछ हैं। भगवान ने हमें सब कुछ दिया है।’’    

कांग्रेस का नाम लिये बिना उस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि हेकड़ी करने वालों का क्या हाल होता है, आपने देखा, 400 से 40 पर आए गए हैं।

मोदी ने कार्यकर्ताओं के हर हर महादेव के उद्घोष के बीच महिलाओं के मतदान के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि पुरूषों की तुलना में महिलाओं का मतदान पांच प्रतिशत ज्यादा होना चाहिए।    

प्रधानमंत्री ने वाराणसी सीट से जीत के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने मन बना लिया है। इतिहास का पहला मौका है कि इस तरह का चुनाव लड़ा जा रहा है।    

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपने भीतर का कार्यकर्ता कभी मरने नहीं दिया.. हम भारत मां के छोटे छोटे सिपाही हैं।’’    

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी कहता है कि मैं देश झुकने नहीं दूंगा, बूथ का कार्यकर्ता कहेगा, मैं बीजेपी का झंडा झुकने नहीं दूंगा।’’    

मोदी ने बूथ कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, ‘‘मुझे हर पोलिंग बूथ जीतना है। जैसे श्रीकृष्ण ने गोवर्धन उठाया था, आपके प्रयत्न से हमें 21वीं सदी में भारत मां को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।’’

मोदी ने गुरुवार के रोड शो को सफल बनाने के लिए कार्यकताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप के परिश्रम की महक को सभी ने महसूस किया।

वार्ता/भाषा
वाराणसी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment