आतंकियों को उसी की भाषा में समझाती है मोदी सरकार : योगी

Last Updated 01 Apr 2019 05:21:38 AM IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने आतंकवादियों को गोली व गोले से समझाने का काम किया है। पाकिस्तान की कमर टूटी चुकी है।


बिसाहड़ा गांव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फोटो : सहारा न्यूज ब्यूरो

बालाकोट हमले का सबूत मांग रही विरोधी पार्टियों को घेरते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ-साथ कांग्रेस, सपा व बसपा को भी दर्द हो रहा है। वोट बैंक के तुष्टीकरण के लिए पाकिस्तान का गुणगान कर रहे थे। सपा-बसपा गठबंधन पर कहा कि यह भ्रष्टाचार, दंगा, तुष्टीकरण व विकास को बाधित करने वालों का गठबंधन है। गठबंधन की पूरी तरह से हवा निकल चुकी है। योगी आदित्यनाथ रविवार को गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 55 सालों के शासनकाल की मोदी सरकार के पांच सालों से तुलना की जाए तो कांग्रेस पर भारी पड़ेगा। मोदी सरकार ने युग पुरुष के रूप में गांव, गरीब व किसानों के लिए काम किया है। लोककल्याणकारी योजनाओं से सबका भला हुआ है। किसी के साथ भेदभाव नहीं हुआ है। नमुमकिन को मुमकिन किया है। मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट व नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो का उल्लेख करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं का बखाना। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से एक लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। विकास की संभावनाएं पैदा होगीं। यह क्षेत्र लगातार विकास के दौड़ में आगे बढ़ रहा है। नोएडा व ग्रेटर नोएडा के फ्लैट बॉयर्स की समस्या पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो सालों में एक लाख लोगों को आवास दे दिया गया है, बाकी लोगों को भी दे दिया जाएगा। पूर्व की सपा व बसपा की सरकारों ने नोएडा व ग्रेटर नोएडा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संसाधनों को लूटने का अड्डा बना रखा था। पिछले 15 वर्षो में सपा व बसपा ने प्रदेश को पीछे छोड़ दिया था।

युवाओं को रोजगार के लिए प्रदेश से बाहर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि  उत्तर प्रदेश के पास देश व दुनिया को देने के लिए बहुत कुछ है, बस इच्छा शक्ति की कमी थी। तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले लोग विकास के बजाय दंगों में ढकेलते थे। लोगों को जान बूझकर जेल में डाल देते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें विकास करना है, तुष्टीकरण के रास्ते पर नहीं चलेंगे। किसानों की कर्ज माफी, बूचड़खाने बंद कराना, बहन बेटियों की सुरक्षा, दंगा मुक्त व कानून व्यवस्था देश के लिए नजीर बनी है। हमें ऐसा प्रधानमंत्री चाहिए जो विकास व दुश्मनों को जवाब दे सके यह काम मोदी ही कर सकते हैं। योगी ने लोगों का आह्वान किया है कि वोट करते समय विकास व आतंकवाद से लड़ने की इच्छा देखिए। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी डॉ.महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल  नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, सकिंद्राबाद विधायक विमला सोलंकी, खुर्जा विधायक वीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर आदि मौजूद थे।

सहारा न्यूज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment