मुस्लिम समुदाय आशंकित, RSS ने खारिज की आशंका

Last Updated 25 Nov 2018 07:16:41 AM IST

विश्व हिन्दू परिषद की रविवार को होने वाली धर्मसभा को लेकर गर्मा रहे माहौल के बीच मुस्लिम समुदाय असुरक्षित महसूस कर रहा है।


मुस्लिम समुदाय आशंकित, ङच्च् ने खारिज की आशंका

समुदाय के कुछ सदस्यों ने हाल ही में कहा था कि वे लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें विवादित ढांचा ढहाये जाने के बाद 1992 में मुसलमानों पर हुए हमले याद आ रहे हैं। विवाद से जुड़े याचिकाकर्ता मोहम्मद उमर ने कहा, ‘‘अयोध्या हमारा जन्म स्थान है, हम यहां कई पीढ़ियों से रहते आ रहे हैं लेकिन हमे अब भी याद है कि किस तरह से विहिप और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने छह दिसंबर को मस्जिद का ढांचा ढहाये जाने के बाद मुसलमानों पर हमला किया था।’’ एक अन्य याचिकाकर्ता हाजी महबूब ने कहा, ‘‘यह एक तथ्य है कि यहां मुस्लिम आबादी कार्यकर्ताओं के संभावित हमलों को लेकर दहशत के साये में हैं। वे लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।’’

संघ बोला, मुस्लिमों में किसी तरह का डर नहीं

अयोध्या नगर निगम के मेयर रिषिकेश उपाध्याय ने कहा कि मुसलमानों के बीच किसी तरह का डर या संदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्वों ने अफवाह फैलाना शुरू किया है। दरअसल, उन लोगों को यह लगता है कि राजनीतिक लाभ उठाने की उनकी योजना नाकाम हो जाएगी। मेयर ने कहा कि अयोध्या में माहौल शांतिपूर्ण और सौहाद्र्रपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यहां धर्म सभा पहले भी होती रही है। ऐेसे कुछ स्वयंभू नेता हैं, जो अपना राजनीतिक हित साधने के अवसर के तौर पर इसका इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन उनकी योजनाएं फलीभूत नहीं होंगी। उन्होंने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। धर्म सभा के मद्देनजर 13 जगहों पर पार्किग की व्यवस्था की गई है । शिवसेना को रैली करने की इजाजत सरकार ने नहीं दी है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सह संयोजक (संगठन) ने इन खबरों को झूठा बताते हुए खारिज कर दिया है कि मुसलमानों में डर की भावना है। सह संयोजक मुरारीदास ने कहा, ‘‘काफी संख्या में मुसलमानों ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया है। उनके संदेश को फैलाने के लिए 20 नवंबर से दो दिसंबर तक देश भर में करीब 500 कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि एक अभियान भी शुरू किया गया है कि ‘हम (मुसलमान) अल्पसंख्यक नहीं हैं, हम हिन्दुस्तान के मालिक हैं।’ उन्होंने अयोध्या के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यदि कोई दूसरा वेटिकन सिटी, दूसरा स्वर्ण मंदिर, दूसरा मक्का मदीना नहीं हो सकता, तो फिर कोई दूसरी राम जन्मभूमि भी नहीं हो सकती।

किले में तब्दील हुआ अयोध्या
विहिप की धर्म सभा की पूर्व संध्या पर अयोध्या नगर एक किले में तब्दील हो गया है, जहां सुरक्षा की बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है और ड्रोन तैनात किए गए हैं। प्रदेश पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि एक अपर पुलिस महानिदेशक, एक पुलिस उप-महानिरीक्षक, तीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 21 पुलिस उपाधीक्षक, 160 इंस्पेक्टर, 700 कांस्टेबल, 42 कंपनी पीएसी, पांच कंपनी आरएएफ, एटीएस कमांडो और ड्रोन तैनात किए गए हैं।

भाषा
अयोध्या


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment