Rajasthan by-election: जीत पर गहलोत का ट्वीट- सरकार के सुशासन पर जनता की मुहर

Last Updated 08 Dec 2022 04:11:26 PM IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा को मिली निर्णायक बढ़त को राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के जवाबदेह सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर करार दिया।


राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (फाइल फोटो)

उन्होंने कहा कि इस जीत से जनता का स्पष्ट संदेश मिलता है कि 2023 में कांग्रेस राजस्थान में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

गहलोत ने ट्वीट किया, “सरदारशहर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा को जीत की बधाई एवं सभी मतदाताओं का हार्दिक आभार। यह जीत कांग्रेस सरकार के पारदर्शी, संवेदनशील, जवाबदेह सुशासन और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है।”



हालांकि, परिणाम की आधिकारिक घोषणा किया जाना अभी बाकी है। लेकिन निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, वोटों की गिनती पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर 26,852 मतों की निर्णायक बढ़त बना ली है।

गहलोत ने लिखा, “जनता का यह स्पष्ट संदेश है कि 2023 में राजस्थान में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। राजस्थान में पिछले चार वर्षों में हुए नौ उपचुनावों में कांग्रेस ने सात सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा महज एक सीट जीत सकी है। वहीं, एक सीट पर पार्टी की जमानत जब्त हो गई और एक सीट पर वह तीसरे नंबर पर रही।”


उन्होंने कहा, “यह दिखाता है कि राजस्थान की जनता ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है। भाजपा कितना भी झूठ बोल ले पर राजस्थान की जनता सच के साथ है और 2023 में रिवाज बदलकर फिर से कांग्रेस को जिताएगी।”
 

 

भाषा
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment