हरियाणा में भारी बारिश के कारण मकान गिरने की घटनाओं में 12 लोगों की मौत : मुख्यमंत्री

Last Updated 08 Sep 2025 06:50:04 PM IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कहा कि भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में मकान ढह जाने की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई।


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए कुल 48 लाख रुपये की अनुग्रह राशि जारी की गई है, जिसमें मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे।

उन्होंने यहां संवाददाताओं को राज्य में बाढ़/जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि भारी बारिश के कारण मकान ढहने की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई है।

ये घटनाएं फतेहाबाद, भिवानी और कुरुक्षेत्र जिलों में हुईं।

भिवानी के कलिंगा गांव में पिछले सप्ताह भारी बारिश के कारण किराए के मकान की छत ढहने से तीन लड़कियों की मौत हो गई तथा उनके माता-पिता और एक नाबालिग भाई घायल हो गए। उस समय परिवार सो रहा था।

सैनी ने कहा कि उनके मंत्रिमंडल के सभी मंत्री, पार्टी विधायक और भाजपा सरकार को समर्थन दे रहे तीन निर्दलीय विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए एक महीने का वेतन देंगे।

उन्होंने बताया कि सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, उद्योगों से जुड़े लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे हरियाणा मुख्यमंत्री राहत कोष में अपनी इच्छानुसार राशि का योगदान करें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह बाढ़ प्रभावित एक गांव के लोगों से मिले, तो उन्होंने (सैनी) उन्हें (ग्रामीणों) बताया कि हरियाणा सरकार और राज्य की जनता ने पड़ोसी बाढ़ग्रस्त राज्यों पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

इस बीच, सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में भारी बारिश से हुए नुकसान का लगातार आकलन कर रही है और बाढ़ के कारण नागरिकों को होने वाली कठिनाइयों को कम करने के लिए एक पोर्टल खोला गया है।

उन्होंने बताया कि हमने बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत के लिए प्राथमिकताएं निर्धारित की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में राहत कार्य लगातार जारी हैं।

भाषा
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment