बेहतर मौसम के चलते कश्मीर घाटी में नदियों के जलस्तर में कमी आने से अधिकतर क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति में शुक्रवार को सुधार हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 |
पिछले 24 घंटे में घाटी में बहुत ही कम बारिश हुई और झेलम नदी तथा अन्य जल स्रोतों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है।
अनंतनाग जिले के संगम और श्रीनगर के राम मुंशीबाग में झेलम नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। घाटी के अन्य इलाकों में भी जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, लेकिन लगातार कम हो रहा है।
झेलम नदी की सभी सहायक नदियाँ खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं और किसी भी हिस्से में टूट-फूट की सूचना नहीं मिली है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलस्तर कम हो रहा है, लेकिन कुछ जगहों पर स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
अधिकारियों ने कहा कि आवश्यक सावधानी बरतते हुए प्रभावित स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है।
अनंतनाग जिले में बाढ़ के बाद मिट्टी कटाव से कई स्थानों पर नदी के किनारे बनी संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है जबकि कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
सुरक्षा कारणों से कश्मीर में स्कूल एवं कॉलेज तीसरे दिन भी बंद रखे गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बाढ़ के बाद की स्थिति को लेकर एक बैठक की अध्यक्षता की और उन्होंने कमजोर ढांचों को मजबूत करने, बाढ़ प्रभावित गांवों से लोगों के सुरक्षित स्थानांतरण और 24 घंटे नियंत्रण कक्षों के माध्यम से सतत निगरानी का निर्देश दिया।
साथ ही, उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में विद्युत, जल आपूर्ति और सड़क संपर्क जैसी बुनियादी सेवाओं की शीघ्र बहाली का भी आदेश दिया।
घाटी में शैक्षणिक संस्थान तीसरे दिन भी बंद
घाटी में बाढ़ जैसी स्थिति के बाद छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर पूरे कश्मीर में शैक्षणिक संस्थान शुक्रवार को तीसरे दिन भी बंद रहे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कश्मीर घाटी के सभी स्कूलों और कॉलेजों में कक्षाएं शुक्रवार से दो और दिन के लिए स्थगित कर दी गईं जो सोमवार को फिर से शुरू होंगी।
कश्मीर के स्कूल शिक्षा निदेशक ने गुरूवार को जारी एक आदेश में कहा कि कक्षाएं फिर से शुरू करने से पहले स्कूल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में खराब मौसम और उसके बाद आई बाढ़ की स्थिति तथा तेज हवाओं के कारण कई स्कूल भवन जलमग्न हो गए तथा कुछ संरचनाओं को नुकसान पहुंचा है।
आदेश में कहा गया है कि कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी।
कॉलेज निदेशक द्वारा जारी एक अलग आदेश में कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर के सभी सरकारी डिग्री कॉलेजों में कक्षाएं शनिवार तक स्थगित रहेंगी।
आदेश में कहा गया है कि कक्षाएं सोमवार से फिर से शुरू होंगी।
| | |
 |