एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट की कोलकाता में लैंडिंग, विमान के इंजन में आई खराबी

Last Updated 17 Jun 2025 01:17:46 PM IST

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण यात्रियों को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।


उड़ान को समाप्त किए जाने के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और ‘बोइंग777-200 एलआर’ के 211 यात्री, अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने में लग गए कि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए।

टाटा समूह के स्वामित्व वाली इस विमानन कंपनी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यह घटना 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की उड़ान के उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कुछ दिनों बाद हुई है।

सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया फंसे हुए यात्रियों को मुंबई ले जाने के लिए "विशेष व्यवस्था" कर रही है। फिलहाल इस बारे में और कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

आमतौर पर एअरलाइन सैन फ्रांसिस्को से सीधे मुंबई के लिए उड़ान भरती है, लेकिन पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के बंद होने सहित अन्य भू-राजनीतिक घटनाओं के कारण एअर इंडिया को अपना मार्ग बदलना पड़ा और कोलकाता में "तकनीकी रूप से रुकना" पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के बाद की नियमित जांच के दौरान तकनीकी खामी का पता चला जिसके बाद विमानन कंपनी ने व्यापक जांच का निर्णय लिया।

विमान में मौजूद ‘न्यूज एजेंसी-’ के एक संवाददाता ने बताया कि विमान को मुंबई के लिए रात दो बजे रवाना होना था, लेकिन यात्रियों को 2.40 बजे के बाद खामी का पता तब चला जब चालक दल ने बताया कि बाएं इंजन में समस्या है।

 

भाषा
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment