Odisha news: 5 बार के विधायक अरबिंद धाली ने बीजू जनता दल से दिया इस्तीफा, BJP में होंगे शामिल

Last Updated 02 Mar 2024 02:30:39 PM IST

पांच बार के विधायक अरबिंद धाली ने शनिवार को सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) से इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह विपक्षी भाजपा में शामिल होंगे।


अरबिंद धाली

खोरधा जिले के जयदेव क्षेत्र से विधायक धाली ने कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को ईमेल के जरिए भेज दिया है।

हालाँकि, उन्होंने अपने इस्तीफे का कोई कारण नहीं बताया।

धाली पहली बार 1992 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर उपचुनाव में मलकानगिरी सीट से विधानसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने लगातार दो बार यह सीट बरकरार रखी।

इसके बाद, वह बीजद में शामिल हो गए और 2009 में जयदेव निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा के लिए चुने गए। उन्होंने इस सीट से 2019 का चुनाव भी जीता था।

वह पटनायक सरकार में परिवहन और निगम मंत्री थे।

पिछले महीने बीजद से निष्कासित विधायक प्रदीप पाणिग्रही और प्रशांत जगदेव भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। बीजद नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री देबासिस नायक ने भी हाल में पाला बदल लिया था।

राज्य में विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होंगे।

भाषा
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment