Maharashtra : ठाणे में सावित्रीबाई फुले की तस्वीर वाला बैनर फाड़ा, मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की तस्वीर वाला बैनर फाड़ने और इस कृत्य का विरोध करने वाली एक महिला से दुर्व्यवहार करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
![]() ठाणे में सावित्रीबाई फुले की तस्वीर वाला बैनर फाड़ा गया, मामला दर्ज |
यह घटना तीन जनवरी को भिवंडी शहर में मितपाडा क्षेत्र के शेलार गांव में फुले की जयंती पर हुई।
क्षेत्र में कुछ महिलाओं द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बैनर लगाए गए थे जिसमें सावित्रीबाई फुले, समाज सुधारक नीलेश सांबरे और शेलार सरपंच किरण चन्ने समेत अन्य लोगों की तस्वीरें थीं।
भिवंडी तालुक थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर आए दो लोग कथित तौर पर जानबूझकर बैनर से टकराए और उसे फाड़ दिया।
उन्होंने बताया कि जब 39 वर्षीय एक महिला ने आरोपियों की इस हरकत का विरोध किया तो उन्होंने कथित तौर पर उससे दुर्व्यवहार किया और उसका अपमान किया।
पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत पर चार जनवरी को पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) तथा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार रोकथाम) कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
| Tweet![]() |