Maharashtra Rains: मुंबई पहुंचा मॉनसून, ठाणे में भारी बारिश के कारण रेस्तरां की छत गिरने से 3 घायल

Last Updated 25 Jun 2023 11:28:27 AM IST

मुंबई ओर इसके उपनगरों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई जिससे कई जगहों पर जलजमाव हो गया और कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।


दुर्लभ संयोग के तहत रविवार को दिल्ली, मुंबई दोनों जगह पर मॉनसून का आगमन हुआ।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में मॉनसून अपने तय समय से दो दिन पहले पहुंच गया जबकि मुंबई में यह दो हफ्ते की देरी से पहुंचा।

आईएमडी के अनुसार, मुंबई में मौसम की जानकारी देने वाली यहां की कोलाबा वेधशाला ने रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 86 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जबकि उपनगरीय क्षेत्रों में मौसम की जानकारी देने वाले सांताक्रुज मौसम केंद्र ने इसी अवधि में 176.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि दिन में और बारिश होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश से मुंबई में कुछ जगहों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। मलाड और अंधेरी जैसे इलाकों में जलजमाव से यातायात की गति धीमी पड़ गई।

ठाणे में रेस्तरां की छत गिरने से 3 घायल

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में भारी बारिश के कारण एक रेस्तरां की छत गिरने से तीन लोग घायल हो गये। नगर निगम के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

ठाणे नगर निगम आपदा नियंत्रण प्रकोष्ठ के प्रमुख यसिन तड़वी ने कहा कि यह घटना शनिवार देर रात घोड़बंदर रोड पर स्थित एक रेस्तरां में हुई। उन्होंने बताया कि इस घटना में दो महिलायें और एक व्यक्ति घायल हो गये, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी के मुताबिक, शहर में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 12 घंटे के दौरान 58।90 मिमी बारिश दर्ज की गयी। उन्होंने बताया कि इस साल अब तक शहर में 139.76 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इसी अवधि में पिछले साल 172.71 मिमी बारिश हुई थी। ठाणे जिले के अधिकारियों के मुताबिक, भारी बारिश की वजह से उल्लासनगर उपनगर के कई इलाके प्रभावित हुये।

 

इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि ठाणे और पालघर जिले में शनिवार को भारी बारिश हुई थी, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया था। इसके अलावा शनिवार शाम को ठाणे जिले के भिवंडी, कल्याण और बदलापुर के कई इलाके जलमग्न हो गए थे, जिसके कारण लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा।
 

भाषा
महाराष्ट्र


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment