मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक से भरा वाहन बरामद, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

Last Updated 26 Feb 2021 09:14:10 AM IST

दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक से भरा एक वाहन पाए जाने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के निकट कार्मिकल रोड पर बृहस्पतिवार को एक वाहन खड़ा था जिसमें जिलेटिन की छड़ें थी।

मुंबई पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि गामदेवी पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की अनेक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि वाहन के नंबर प्लेट पर जो पंजीकरण नंबर है वह अंबानी की सुरक्षा में लगी एक एसयूवी के ही समान है।

उन्होंने बताया कि कार के अंदर से एक पत्र भी मिला है।

महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के निकट एक स्कॉर्पियो वैन में जिलेटिन की 20 छड़ें मिली हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है और जल्द ही जांच के नतीजे सामने आ जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सरकार ना केवल इमारत का बल्कि अंबानी परिवार की सुरक्षा और सख्त कर देगी।

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment