महिलाओं के प्रति अपराध रोकने के लिए मूल्यों की शिक्षा पर दिया बल : कोश्यारी

Last Updated 20 Dec 2019 04:39:06 PM IST

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देश में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध में वृद्धि के प्रति चिंता जताई और छात्रों में उन मूल्यों के बीजारोपण की आवश्यकता पर बल दिया जो उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बना सकें।


महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी(फाइल फोटो)

उन्होंने यह भी कहा कि आज का समय बदल गया है और पहले के समय में लोग ईश्वर से डरने वाले और शालीन हुआ करते थे। 

कोश्यारी यहां गुरुवार को राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की नई प्रशासनिक इमारत के उद्घाटन के अवसर पर छात्रों को संबोधित कर रहे थे। 

राज्यपाल ने कहा, ‘‘जिसके पास सत्य और शक्ति है वह क्या करेगा? वह रक्षा करेगा। आज आप देख सकते हैं कि बहुत से बुरे लोग है। महिलाओं और बहनों का शील हरण और उत्पीड़न हो रहा है। कैसा समय आ गया है! एक समय था जब लोग शालीन थे और प्रार्थना करते थे।’’ 

कोश्यारी ने कहा, ‘‘शक्ति को शक्ति तभी कहा जा सकता है जब उसका उपयोग संकटग्रस्त लोगों की रक्षा के लिए किया जाए। मैं अनुरोध करता हूँ कि छात्रों को मूल्यों की शिक्षा दी जाए। यहां तक कि मैंने भी ऐसे मूल्य कक्षा छह में संस्कृत श्लोक के जरिये सीखे थे।’’       

समारोह में कोश्यारी ने विश्वविद्यालय की नई इमारत के निर्माण में आर्थिक योगदान देने के लिए बजाज समूह के अध्यक्ष राहुल बजाज की प्रशंसा की। 

 

भाषा
नागपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment