विधानसभा चुनाव 2019: महाराष्ट्र और हरियाणा में कल आयेगा जनादेश, तैयारियां पूरी

Last Updated 23 Oct 2019 03:31:43 PM IST

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा के लिए सोमवार को हुए चुनाव के मतों की गिनती गुरूवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में की जायेगी।


विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं की 51 सीटों के लिए हुए उप चुनाव के मतों की गिनती भी कल ही होगी। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी और दोपहर तक रूझान आने शुरू हो जायेंगे जबकि शाम तक ज्यादातर सीटों के नतीते आ जाने की उम्मीद है।

चुनाव आयोग के अनुसार मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मतदान केन्द्रों के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं और उसके पास-पास के क्षेत्रों को सील कर दिया गया है। 

मतदान केन्द्रों पर हर दौर के नतीजों की घोषणा के लिए पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं और मीडियाकर्मियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गयी है। मतदान के नतीजे चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेंगे और आयोग ने इसके लिए एक ऐप भी बनायी है। कोई भी मतदाता इस ऐप पर चुनाव के नतीजे देख सकता है। मतदान केन्द्रों पर मतगणना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और सुरक्षाकर्मियों तथा अन्य अधिकारियों को तैनात कर दिया गया है।

महाराष्ट्र में 60 और हरियाणा में 65 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए 3000 से अधिक तथा हरियाणा में 90 सीटों के लिए 1100 से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत दाव पर लगी है।

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी तथा शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। हरियाणा में भाजपा, कांग्रेस , जननायक जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी चुनावी मैदान में हैं।

एग्जिट पोल के अनुमानों में दोनों राज्यों में भाजपा को बढत मिलती नजर आ रही है। अभी दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी और उसके गठबंधनों की सरकार है।

हरियाणा में मतगणना की तैयारी मुकम्मल

हरियाणा विधानसभा की नब्बे सीटों के लिये 21 अक्तूबर को हुये मतदान की गिनती कल सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होगी। मतगणना के लिये तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

चुनाव मैदान में उतरे कई दिग्गजों समेत 1169 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला कल हो जायेगा। उम्मीदवारों में बेचैनी दिखाई दे रही है। राज्य में कुल 1,83,90,525 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के बीच देखा जा रहा है। ये दोनों दल सभी 90-90 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में वर्ष 2014 में 19 सीटें जीत कर दूसरे नम्बर पर ही इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) इस बार चुनावों तक पहुंचते दोफाड़ को चुकी है और इसमें से अब जननायक जनता पार्टी(जजपा) का जन्म हो चुका है। इनेलो और जजपा कुछ सीटों पर मुकाबले को अवश्य त्रिकोणीय बनाएंगे। बहुजन समाज पार्टी(बसपा), आम आदमी पार्टी(आप), स्वराज इंडिया, लोकतां सुरक्षा पार्टी(लोसुपा) ने भी कुछ कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं।
 
वर्ष 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा 47, इनेलो 19, कांग्रेस 15, शिरोमणि अकाली दल और बसपा एक-एक, हरियाणा जनहित कांग्रेस दो तथा पांच सीटों पर निर्दलीय विजयी रहे थे। हजकां का बाद में कांग्रेस में विलय हो गया था।

वहीं पांच साल का कार्यकाल समाप्त होते होते इनेलो भी बिखर गई। इसके कुछ विधायक और नेता भाजपा, कांग्रेस और जजपा में चले गये।

वार्ता/भाषा
नयी दिल्ली/चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment