कांग्रेस ने पहले गरीबी हटाओ पर ठगा, अब कर्जमाफी पर

Last Updated 04 Jan 2019 01:18:33 AM IST

कांग्रेस पर शुरुआत से ही झूठ और धोखे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले जैसे उसने गरीबी हटाओ के नारे से देश को ठगा, अब वैसे ही कर्ज माफी के नाम पर ठग रही है।


गुरदासपुर : जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। फोटो : प्रेट्र

गुरदासपुर में चुनावी साल की पहली रैली को संबोधित करते हुए किसान कर्ज माफी को लेकर पीएम मोदी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी के मामले में कांग्रेस का इतिहास दागदार रहा है। ये ऐसे लोगों का भी कर्ज माफ करती है, जिनके पास न खेत हैं और जो न किसान हैं। कर्ज माफी की बात पर 2009 में किसानों ने कांग्रेस पर भरोसा कर लिया था, जिसकी सजा आज भी वह भुगत रहा है।

2008-09 में किसानों पर 6 लाख करोड़ का कर्ज था, लेकिन कांग्रेस ने सिर्फ 60 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया था। पिछले साल उसने कर्नाटक में भी कर्ज माफी का ऐलान किया था। आज मीडिया रिपोर्ट्स कहती हैं कि गिने-चुने किसानों को ही लाभ मिला। मोदी ने कहा कि पंजाब की स्थिति भी अलग नहीं है। यहां भी कांग्रेस कर्ज माफी का वादा करके वोट बटोर ले गई और सत्ता में आ गई। वादा किया था 10 हजार करोड़ का कर्जा माफ करने का, डेढ़ साल बाद सच्चाई क्या है। क्या यही है कर्ज माफी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक बड़े नेता दिल्ली में बड़े बड़े कागज लेकर खुद मान रहे हैं कि सरकार ने अभी तक सिर्फ 3400 करोड़ रुपए का कर्ज माफ  किया है।

कांग्रेस ने सिख दंगों के आरोपी को मुख्यमंत्री पद से नवाजा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हजारों सिख भाई-बहनों की बेरहमी से हत्या का है और आज भी दंगों के आरोपी को वह मुख्यमंत्री पद से नवाजती है। ऐसे लोगों व पार्टी से पंजाब समेत देशवासियों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरा देश न्याय के इंतजार में था। कांग्रेस नेताओं को सजा मिले, ये पूरे देश की मांग थी और ये मांग आज भी उतनी ही प्रबल है। गांधी परिवार का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा कि एक परिवार के इशारे पर जिन-जिन आरोपियों को सज्जन बताकर फाइलें दबा दी गई थीं, एनडीए सरकार ने आते ही उन-उन आरोपियों की फाइलों को बाहर निकाला। सजा देने के लिए एसआईटी बनाई और परिणाम आपके सामने है।

करतारपुर कॉरिडोर बनाने का ऐतिहासिक फैसला लिया

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी एनडीए सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर बनाने का ऐतिहासिक फैसला किया। ये कॉरिडोर डेरा बाबा नानक को करतारपुर से जोड़ने का काम करेगा। इंटरनेशनल बार्डर तक सारी आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। 

भारत का पानी भारत के किसानों के खेत सींचेगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां के किसानों को दशकों तक पानी के लिए इंतजार करना पड़ा है। रावी की जीवनदायिनी धारा यहीं से बहती थी, लेकिन किसानों को पानी के लिए भारी कीमत चुकानी पड़ती थी। जो जम्मू कश्मीर और पंजाब के हक का था, वो दशकों से पाकिस्तान जा रहा था, हमारी सरकार को ये मंजूर नहीं था। अब भारत का पानी भारत के किसानों के खेत सींचेगा।

निश्छल भटनागर/सहारा न्यूज ब्यूरो
गुरदासपुर/जालंधर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment