‘‘ठंडे बस्ते में पड़ी’’ मणिपुर की परियोजनाओं में 2014 के बाद तेजी आई : प्रधानमंत्री

Last Updated 04 Jan 2019 03:08:59 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मणिपुर में आठ प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ ही चार अन्य की आधारशिला रखी।


मणिपुर में मोदी ने किया आठ परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को आरोप लगाए कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल के दौरान मणिपुर की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं ‘‘ठंडे बस्ते में पड़ी’’ हुई थीं और राजग की सरकार इन पर निगाह बनाए हुए है तथा उन्हें तेजी से क्रियान्वित कर रही है।         

इम्फाल में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाए कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं की लागत पूरी होते होते बढकर 200 से 250 करोड़ रुपये की हो जाती थी और राष्ट्रीय धन की इस ‘‘बर्बादी’’ से वह बेचैन हो जाते थे।         

उन्होंने आरोप लगाए कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान 12 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं ‘‘ठंडे बस्ते में पड़ी’’ हुई थीं और ‘‘फाइलों में दबी थीं।’’        

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पर विचार करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में एक व्यवस्था बनाई। इसके तहत लंबित परियोजनाओं पर केंद्र और राज्य के अधिकारियों के साथ चर्चाएं हुईं, बाधाओं को दूर किया गया और इन्हें तेजी से क्रियान्वित किया गया।         

प्रधानमंत्री ने आठ महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और मणिपुर में चार परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

इसके अलावा उन्होंने चुराचांदपुर क्षेत्र के लिए उन्नत जल आपूर्ति, कांगपोकपी के थंगापट में ईको टूरिज्म कॉम्प्लेक्स, नोनी जिले में एकीकृत पर्यटन स्थल और लांबुई के जवाहर नवोदय विद्यालय और उसके आस-पास के गांवों में जल आपूर्ति योजना का भी उद्घाटन किया।      

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने पश्चिमी इंफाल जिले में धनामंजुरी विविद्यालय के अवसंरचना विकास, पूर्वी इंफाल जिले के खुमन लामपक खेल परिसर के हॉकी स्टेडियम एवं मुख्य स्टेडियम में तेज रोशनी वाली कृत्रिम लाइटें लगाने और पश्चिमी इंफाल जिले में लांगजिंग अचोबा में कृत्रिम घास बिछाने जैसी चार अन्य परियोजनाओं की भी आधारशिला भी रखी। 

भाषा
इंफाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment