राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को 67 वर्ष की हो गईं। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी तथा वंचितों को सशक्त बनाने के लिए उनके कार्यों की सराहना की।

|
राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज के उपरबेड़ा गांव में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली; इसी के साथ वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्राध्यक्ष बन गईं।
राष्ट्रपति वर्तमान में उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने दृष्टिबाधित व्यक्तियों के एक संस्थान का दौरा किया। मुर्मू में संस्थान में आयोजित समारोह में कहा कि सरकारी नीतियां दिव्यांग लोगों को सशक्त बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने के लिए बनाई गई हैं।
राष्ट्रपति ने दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए गीत गाए जाने के बाद कहा कि कि भारत का इतिहास दया और समावेशिता के उदाहरणों से भरा पड़ा है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के माध्यम से सशक्त होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने को कहा ।
राष्ट्रपति ने कहा, ''मेरी आंखों से तो पानी रोके नहीं रुका। मुझे लगता है कि वे गले से नहीं गा रहे थे, वे अपने ह्रदय से गा रहे थे। जैसे सरस्वती उनके गले में बैठकर गा रही थीं।''
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर उन्होंने सर्वोच्च संवैधानिक पद तक की असाधारण यात्रा तय की है जो सादगी, विनम्रता और गरिमा का प्रतीक है और हमारे लोकतंत्र की सच्ची भावना को दर्शाती है।"
धनखड़ ने कहा कि एक विधायक, राज्यपाल और अब विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने सार्वजनिक सेवा में हमेशा सर्वोच्च मानदंड स्थापित किए हैं, जो अनुकरणीय हैं।
उन्होंने कहा, "यह जन्मदिन उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्नता और आनंद प्रदान करे। ईश्वर उन्हें देश सेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करें।"
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘ राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी को हिम्मत देती है और आशा की किरण है।’’
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, ‘‘उन्होंने गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए हमेशा काम किया है। उनके दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’’
राष्ट्रपति मुर्मू ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "माननीय राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करता हूं।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सामाजिक न्याय, गरीबों के सशक्तिकरण और समावेशी विकास के प्रति मुर्मू की दृढ़ प्रतिबद्धता राष्ट्र को प्रेरित करती रहेगी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह देश के लिए एक ‘‘महान प्रेरणा’’ हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भी राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "कांग्रेस की ओर से, हम भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। कामना है कि राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति उनकी बुद्धिमत्ता और अटूट समर्पण देश को सच्चाई और शुचिता के मार्ग पर ले जाए।"
उन्होंने कहा, "हम उनके लंबे, स्वस्थ और पूर्ण जीवन की कामना करते हैं।"
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर लिखा, ''सेवा और सादगी की प्रतीक, माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई! भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ, स्वस्थ व यशस्वी जीवन की प्रार्थना है।’’
बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें लंबी आयु, अच्छा स्वास्थ्य और अपार खुशियां प्राप्त हों और वह गरिमा तथा समर्पण के साथ देश की सेवा करती रहें।’’
माझी ने अपने संदेश में मुर्मू को ओडिशा की महिला शक्ति और गौरव का प्रतीक बताया।
माझी ने 'एक्स' पर लिखा, “आपका जीवन संघर्ष, समर्पण और सफलता का एक असाधारण उदाहरण है। एक आम आदिवासी परिवार से राष्ट्रपति भवन तक का आपका सफर भारत के सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक है। आपकी सादगी, देश के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण हम सभी के लिए एक आदर्श है।”
उन्होंने मुर्मू के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे व लंबे जीवन की कामना की।
पटनायक ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहे और आपकी आयु दीर्घ हो।”
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।"
उन्होंने लिखा, "साधारण पृष्ठभूमि से उठकर उन्होंने जो जीवन यात्रा तय की है, वह साहस, समर्पण और विनम्रता का प्रतीक है। वह उन करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा हैं जो सपने देखने का साहस रखते हैं।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने लोगों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और उनका सार्वजनिक जीवन सभी के लिए प्रेरणादायी है।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और विपक्षी दल वाईएसआरसीपी के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी।
| | |
 |