हरियाणा से पानी दिलाना सुनिश्चित करे केंद्र

Last Updated 01 Jun 2024 07:03:18 AM IST

राजधानी में पानी की किल्लत को लेकर दिल्ली सरकार की जलमंत्री आतिशी ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर हरियाणा से दिल्ली के हिस्से का पानी दिलाने का आग्रह किया है।


दिल्ली सरकार की जलमंत्री आतिशी

पत्र में उन्होंने यह भी मांग की है कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश और हरियाणा से दिल्ली को अतिरिक्त पानी दिलाना सुनिश्चित करें। पत्र में उन्होंने लिखा है कि बीते कुछ दिनों में वजीराबाद  बैराज में जल स्तर में काफी गिरावट आयी है। इसके पीछे उनका कहना है कि पानी कम मिलने से दिल्ली में जल संकट पैदा हो गया है।

आतिशी  का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते राजधानी में पानी मांग बढ़ गई है। इससे दिल्ली के जल बोर्ड पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। पत्र में लिखा है कि बृहस्पतिवार को उन्होंने वजीराबाद बैराज का दौरा किया था। बैराज में पनी का स्तर 670.3 फीट था। जबकि सामान्य तौर पर  674.50 फीट जलस्तर  होता है। इस कमी के चलते दिल्ली में जल शोधन संयंत्रों की जल उत्पादन क्षमता तेजी से प्रभावित हुई है।

आतिशी ने लिखा है कि यह पत्र राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पानी को लेकर मचे हाहाकार की तरफ आपका ध्यान दिलाने के लिए लिख रही हूं। आप जानते हैं कि दिल्ली पानी की अपनी दैनिक मांग को पूरा करने के लिए यमुना नदी के पानी पर निर्भर है। हरियाणा पानी नहीं छोड़ेगा, तो दिल्ली के जल शोधन संयंत्र ठीक से काम नहीं कर पाएंगे। दिल्ली पानी के मांग-आपूर्ति  के अंतर को पूरा नहीं कर पाएगी।

इसका असर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहने वाले हर व्यक्ति पर गंभीर रूप से पड़ेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायबंिसह सैनी को पत्र लिखकर अवगत करा दिया है। हालांकि पत्र का जबाव अभी तक नहीं मिला है। देश के सभी हिस्सों से लोग बेहतर भविष्य की तलाश में दिल्ली आते हैं। दिल्ली देश की राजधानी हैं और यहां के लोगों की समस्या का समाधान करना सभी की सामूहिक जिम्मेदरी है। दिल्ली के लोगों को पर्याप्त पानी मिले, इस दिशा में काम करने की जरूरत है।

आतिशी ने शेखावत को लिखे पत्र में लिखा है कि मैं आपसे अनुरोध करते हुए यह पत्र लिख रही हूं कि दिल्ली के लोगों को उनके हिस्से का पानी मिलना सुनिश्चित होगा। कृपया आप हस्तक्षेप करके इस संकट को हल करने में हमारी मदद करेंगे। दिल्ली सरकार और यहां के लोग सदैव आपके आभारी रहेंगे। पत्र में आतिशी ने यह भी लिखा है कि दिल्ली सरकार पानी की बर्बादी को रोकने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने का हरसंभव प्रयास कर रही है। पानी की बर्बादी न हो। इसके लिए बहु-विभागीय दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है।

पानी बर्बाद करने वालों के लिए तत्काल दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 200 टीमें गठित की हैं। दिल्ली में पानी की भारी कमी  है। पत्र में उन्होंने हरियाणा सरकार पर राष्ट्रीय राजधानी के हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगाया है।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment