Weather Update: दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में सुबह छाया रहा कोहरा, न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस

Last Updated 11 Jan 2024 12:03:59 PM IST

दिल्ली में गुरूवार सुबह काफी ठंड रही और कोहरा छाया रहा और इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने ये जानकारी दी।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों और हरियाणा और चंडीगढ़ जैसे आसपास के इलाकों में ‘घने कोहरे’ का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।

अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

गुरुवार की सुबह, शहर घने कोहरे से ढका हुआ था और सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे सबसे कम दृश्यता 500 मीटर थी, जबकि पालम में सुबह 5:00 बजे 100 मीटर दर्ज की गई, इसमें बाद में सुधार हुआ।

भारतीय रेलवे के मुताबिक, कोहरे और शीत लहर के कारण 24 ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला ने सुबह 5:30 बजे दृश्यता का स्तर 100 मीटर दर्ज किया हालांकि, सतही हवाओं के कारण सुबह सात बजे तक यह सुधरकर 500 मीटर पहुंच गया।

शहर भर के कई स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है।

आनंद विहार क्षेत्र में, पीएम 2.5 का स्तर 355 पर 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा और पीएम 10 253 या 'खराब' पर पहुंच गया।

द्वारका सेक्टर 8 में भी पीएम 2.5 का स्तर 332 पर था, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में था, जबकि पीएम 10 222 पर था, जो फिर से 'खराब' श्रेणी में आ गया।

मौसम कार्यालय के अनुसार, ‘बहुत घना कोहरा’ तब होता है जब दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच होती है, 51 से 200 मीटर के बीच घना, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम जबकि 501 से 1,000 मीटर के बीच दृश्यता होने पर हल्का कोहरा होता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 337 था।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब और 401 और 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

आईएमडी बुलेटिन में कहा गया है कि सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 96 प्रतिशत थी।
 

भाषा/आइएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment