दिल्ली में भारी बारिश से बिगड़े हालात, LG सक्सेना ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा

Last Updated 11 Jul 2023 11:17:29 AM IST

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज भारी बारिश के बाद जलजमाव से प्रभावित इलाके जैसे, प्रगति मैदान सुरंग, मिंटो ब्रिज और जखीरा अंडरपास का दौरा किया।


दिल्ली के LG विनय कुमार सक्सेना ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया

दिल्ली के LG विनय कुमार सक्सेना बारिश के बाद देश की राजधानी में बने बाढ़ जैसे क्षेत्र का दौरा करने निकले। उन्होंने,यमुना बाजार, प्रगति मैदान जा कर हालात का जायजा लिया।

भारी बारिश से बनें खराब हालात का जायजा लेने के बाद विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि दिल्ली की जनता जलभराव से परेशान है। सीवेज की सफाई नहीं होती, सालों साल से जो नहीं हुआ है उसकी वजह से जलभराव होता है...ये दुखद है और मेरी कोशिश होगी कि सब चीजों पर ध्यान दिया जाए जिससे कि दिल्ली की जनता को तकलीफें ना झेलनी पड़ें।

उपराज्यपाल ने आगे कहा कि यमुना नदी और नजफगढ़ नाले की जल धारण क्षमता में सुधार के लिए सरकार को नियमित रूप से उनसे गाद निकालने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं किये जाने से दिल्ली में जगह-जगह पानी जमा हो रहा है।

LG ने आगे कहा कि दिल्ली का ये हाल बहुत दुखद है। मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश करूंगा कि इस मुद्दे पर ध्यान दिया जाए ताकि लोगों को समस्याओं का सामना न करना पड़े। हमें पहले से तैयार रहना होगा क्योंकि प्रकृति पहले से कोई सूचना नहीं देती है।"

उपराज्यपाल स्थिति का निरीक्षण करने के लिए प्रगति मैदान सुरंग, मिंटो ब्रिज और जखीरा अंडरपास का भी दौरा कर रहे थे।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार को यमुना नदी का जल स्तर 206.24 मीटर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया, इससे दिल्ली हाई अलर्ट पर है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार सीडब्ल्यूसी के साथ लगातार संपर्क में है।

केजरीवाल ने कहा, "विशेषज्ञों के अनुसार, बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं होगी। हालांकि, अगर ऐसा होता है तो हम तैयार हैं। यदि जल स्तर 206 मीटर तक बढ़ जाता है, तो हम निकासी शुरू कर देंगे। हमने आसपास के इलाकों में रहने वाले 41,000 लोगों की पहचान की है। केजरीवाल ने कहा, ''यमुना नदी के किनारे हमने उनके लिए राहत शिविर स्थापित किए हैं।''

 

 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment