Weather Forecast: दिल्ली-NCR मे बारिश के बाद छाया घना कोहरा, मई के महीने में असामान्य मौसम, देखें VIDEO

Last Updated 04 May 2023 09:50:52 AM IST

दिल्ली में गुरूवार सुबह हल्का कोहरा दिखाई दिया जो मई के महीने में असामान्य है।


दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में सामान्य रूप से मई का महीना सबसे गर्म होता है और इसमें औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस होता है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि हवा में अत्यधिक नमी और दिन तथा रात के तापमान में काफी अंतर की वजह से कोहरे के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक हल्के कोहरे में दृश्यता 501 से 1000 मीटर होती है।



सफदरजंग वेधशाला में बुधवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 20.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी थी और अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम है।

राजधानी में गुरूवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो पिछले कम से कम 13 साल में इस महीने में सबसे कम तापमान है.

जब से मौसम के संकेतकों पर निगरानी शुरू की गयी है, तब से दो मई, 1982 को इस महीने का सबसे कम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शहर में अधिकतर स्थानों पर आर्द्रता का स्तर 80 से 100 प्रतिशत के बीच रहा।

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार से फिर कुछ समय के लिए वर्षा होने की संभावना है।

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment