अप्रैल-जून तक प्रथम तिमाही में राजस्व कमी से जूझ रही सरकार
भारी कोरोना संक्रमण व लॉकडाऊन के कारण दिल्ली सरकार के जीएसटी, वैट व आबकारी से राजस्व संग्रह में कमी आई है।
![]() अप्रैल-जून तक प्रथम तिमाही में राजस्व कमी से जूझ रही सरकार |
वित्त वर्ष 2021-22 के प्रथम तिमाही में कुल मिलाकर सरकार को 5753.68 करोड़ का ही राजस्व प्राप्त हो सका है। यह राशि 2020 से अधिक है, मगर 2019 से कम है।
2019 में प्रथम तिमाही में वैट और जीएसटी से ही 6136 करोड़ की राशि प्राप्त हुई थी। दिल्ली सरकार को उम्मीद है कि इस माह से राजस्व में बढ़ोत्तरी होगी।
वित्त वर्ष 2020-21 में दिल्ली सरकार द्वारा जीएसटी व वैट से राजस्व 21146.4 करोड़ एकत्रित किया था। दिल्ली सरकार ने मार्च 2021 में 2376.16 करोड़ अर्जित किया था।
उस वित्त वर्ष के दौरान मार्च महीने में एकत्रित किया जाने वाला यह राजस्व जीएसटी लागू होने के बाद से अभी तक का सर्वाधिक संग्रह माना गया था। वर्तमान वित्तीय वर्ष के अप्रैल में राजस्व की प्राप्ति 2742.68 करोड़ हुई।
इस लिहाज से अनुमान लगाया जा रहा था कि इस वर्ष व्यापार एवं कर विभाग से सरकार को अधिक राजस्व मिलेगा और विकास कार्य तेजी से हो सकेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हो सका है। मई और जून में राजस्व में गिरावट आई है।
वहीं राजस्व देने वाला सरकार का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण आबकारी विभाग दुकानें बंद रहने के कारण राजस्व के मामले पीछे हो गया है।
इस विभाग से सरकार को प्रथम तिमाही में केवल 487 करोड़ का राजस्व मिला है। पिछले पूरे वित्त वर्ष में सरकार को इस विभाग से 5000 करोड़ का राजस्व मिला था।
| Tweet![]() |