दिल्ली में मानसून की दस्तक कल तक!

Last Updated 23 Jun 2020 12:55:39 AM IST

दिल्ली वालों के लिए अब राहत भरी खबर है। अनुमान है कि बुधवार तक मानसून राजधानी में दस्तक दे सकता है। सोमवार की सुबह हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रह सकती है।


दिल्ली में मानसून की दस्तक कल तक!

बुधवार को हरियाणा और पंजाब में भी मानसून दस्तक देगा। यह जानकारी आईएमडी में क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने दी। उम्मीद है कि 22-23 जून तक मानसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने इस बार दिल्ली में 103 प्रतिशत (सामान्य) का अनुमान जताया है।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, दिल्ली में मानसून के जल्दी आने का कारण पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में चक्रवाती दबाव बनना है जो 19 और 20 जून को दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ा था। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस बार सामान्य बारिश होगी। सोमवार सुबह दिल्ली में हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे सुबह के वक्त सड़कों पर भारी जाम लग गया। इससे दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हुई।

सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से यहां का मौसम सुहावना हो गया, लेकिन भारी बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है। इसके साथ ही विभाग ने बुधवार को मानसून के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 43.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। लोधी रोड इलाके में सबसे ज्यादा मौसम 44.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। पूसा इलाके में 19 मिलीमीटर और आयानगर इलाके में 6.8 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कई इलाकों से अंडरपास में पानी भरने की खबर है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान औसत से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment