दिल्ली : लॉकडाउन व कर्फ्यू तोड़ने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5 हजार से अधिक लोग हिरासत में
राजधानी में कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन व कर्फ्यू तोड़ने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर शाम पांच बजे तक लगभग पांच हजार से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।
![]() लॉकडाउन के दौरान सड़क पर निकले लोगों को रोक कर पूछताछ करती पुलिस। फोटो : आईएएनएस |
इसी तरह लगभग एक हजार से ज्यादा वाहनों को जब्त किया गया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि लगभग दो हजार से ज्यादा लोगों को कफ्र्य पास जारी किया गया है।
पुलिस ने बताया कि लॉकडाउन और कर्फ्यू को लेकर 299 लोगों के खिलाफ एफआईआर और 5146 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा 1018 वाहनों को जब्त कर किया गया।
कर्फ्यू के दौरान 2319 लोगों को कर्फ्यू पास जारी किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा के अनुसार बुधवार से बिल्कुल भी ढील नहीं दी जाएगी और सिर्फ आवश्यक वस्तुओं को लेने के लिए निकले लोगों को छोड़कर यदि कोई शख्स सड़क पर बेवजह घूमता हुआ पाया जाएगा तो उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।
साथ ही उनका वाहन भी जब्त किया जाएगा। कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन कर राजधानी की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं, सिर्फ आवश्यक सेवाएं देने वाले लोगों को छूट दी गई है, जिनमें पुलिस, मीडिया, डॉक्टर, नर्स, एंबुलेंस व अन्य लोग शामिल हैं।
सोमवार को सीमा सील होने के बाद इन सेवाओं को देने वाले लोगों को सीमा पार करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। आज पूर्वी जिला पुलिस ने दिल्ली-नोएडा सीमा पर इन लोगों के लिए एक अलग लेन बनाई है।
बांयी लेन से यह लोग जांच के बाद सीमा में प्रवेश कर सकेंगे, जिसके लिए बेरिकेड पर बोर्ड भी लगाकर इसकी सूचना दी गई है। इतना ही नहीं पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने ट्वीट कर इस अलग लेन की जानकारी लोगों से साझा की।
| Tweet![]() |