दिल्ली: AAP विधायक नरेश यादव के काफिले पर गोलीबारी, 1 की मौत

Last Updated 12 Feb 2020 09:48:55 AM IST

दक्षिण पश्चिम दिल्ली के किशनगढ गांव में आप विधायक नरेश यादव के काफिले पर मंगलवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने गोलियां चलाईं जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।


पुलिस ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायक और उनके समर्थक विधायक के निर्वाचन क्षेत्र महरौली में एक मंदिर में पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे।      

सूत्रों के अनुसार महरौली के विधायक के काफिले पर सात गोलियां चलाई गईं।      

पुलिस ने बताया कि घटना में घायल हुए एक व्यक्ति को नजदीक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।      

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने दावा किया कि पार्टी स्वयंसेवक अशोक मान की हमले में मौत हो गई।उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महरौली से विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला अशोक मान की सरेआम हत्या.. मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे नरेश यादव।’’      

आप के सोशल मीडिया प्रभारी अंकित लाल ने ट्वीट किया, ‘‘ आप विधायक नरेश यादव और उनके समर्थकों के काफिले पर गोलियां चलाई गईं.. दूसरी कार में सवार बदमाशों ने फोर्टिस के पास उनपर गोलियां चलाई। एक व्यक्ति की मौत और एक घायल। पुलिस मौके पर मौजूद है।’’      

थोड़ी देर बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘काफिले पर पीछे से हमला हुआ था। दो साथियों को गोली लगी। इस हमले में अशोक मान जी की मौत हो गयी, हरेंद्र जी घायल हैं। हरेंद्र जी के पैर में गोली लगी है और वह फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। वह खतरे से बाहर हैं।’’    
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment