सुभाष चोपड़ा बने दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष, कीर्ति आजाद चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष

Last Updated 24 Oct 2019 04:39:13 AM IST

लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता सुभाष चोपड़ा को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी कीर्ति आजाद को प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


सुभाष चोपड़ा एवं कीर्ति आजाद (फाइल फोटो)

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से बुधवार को जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चोपड़ा और आजाद की नियुक्ति की। चोपड़ा पहले भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। वह कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर आजाद ने इस नियुक्ति के साथ लंबे समय बाद दिल्ली की राजनीति में वापसी की है। भाजपा में रहते हुए वह दरभंगा से सांसद रहे।

उनके पिता भगवत झा आजाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। इस घोषणा के बाद यह तय है कि आसन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस अपने विरोधी पार्टियों को कड़ी टक्कर देने के लिए तत्पर रहेगी। साथ ही सुस्त पड़े कार्यकर्ताओं में नया संचार पैदा होगा। चूंकि चोपड़ा दिल्ली की समस्याओें, लोगों की दिक्कतों से रूबरू होते रहे हैं। वे विभिन्न चरणों में किए गए परिसीमन से क्षेत्रों में हुए बदलाव के गणित को अपने पक्ष में करने में सफल साबित हो सकते हैं। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में यह तय है कि नया जोश भरने में वह हर स्तर पर प्रयास करेंगे।

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भी सकून की सांस ली है। डीडीयू मार्ग स्थित दिल्ली प्रदेश कार्यालय के साथ ही 10 जनपथ में सुबह से ही रौनक थी। उनके नाम की घोषणा के बाद ही कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ, जमकर आतिशबाजी के स्वागत कर मानों यह जताने का प्रयास किया कि उन्हें दिल्ली का रीयल हीरो मिल गया है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment