मध्यप्रदेश: भाजपा के पूर्व MLA ठाकुर मोहर सिंह का निधन, सीएम शिवराज सिंह ने जताया शोक

Last Updated 04 Mar 2021 12:59:45 PM IST

मध्यप्रदेश के विदिशा से चार बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रहे ठाकुर मोहर सिंह का इलाज के दौरान भोपाल के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे।




पूर्व विधायक सिंह को पांच दिन पूर्व ही श्वास संबंधी बीमारी के चलते भोपाल के एक निजी हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था, जहां से गंभीर हालत में उन्हें कल शाम एक अन्य निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। वहां देर रात उनका निधन हो गया।

दिवंगत नेता सिंह 1980 से 1998 तक चार बार विदिशा के लोकप्रिय विधायक रहे, उनके बाद उनकी पत्नी शुशीला सिंह भी विदिशा से विधायक निर्वाचित हुयी।

सिंह सहज, सरल और मिलनसार व्यतित्व के धनी थे। विधायक रहते हुए जेब में विधायक की सील लेकर चलने से उनकी लोकप्रियता सील वाले विधायक के रुप में अधिक बढ़ गयी थी। वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ कर गए हैं।  

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक मोहर सिंह दांगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

चौहान ने अपने ट्वीट के जरिए दांगी के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा ‘मन व्यथित है। दु:ख और पीड़ा से भरा हुआ है। प्रदेश भाजपा के हमारे साथी, चार बार के विधायक रहे, विदिशा के लोकप्रिय जननेता श्री ठाकुर मोहर सिंह दांगी जी हमें छोड़कर चले गये। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों व चाहने वालों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति दें।’

 

उनकी अंतिम यात्रा आज दोपहर उनके निज निवास विदिशा के माधवगंज चौक से निकाली जाएगी।
 

वार्ता
विदिशा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment