भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों की लड़ाई लड़ने वाले अब्दुल जब्बार का निधन, कमलनाथ ने जताया शोक

Last Updated 15 Nov 2019 10:51:34 AM IST

मध्य प्रदेश में भोपाल गैस पीड़ितों के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष करने वाले एनजीओ के संयोजक अब्दुल जब्बार का गुरुवार रात यहां हृयघात के चलते निधन हो गया। वे 62 वर्ष के थे।


भोपाल त्रासदी के पीड़ितों की लड़ाई लड़ने वाले अब्दुल जब्बार (फाइल फोटो)

जब्बार पिछले कुछ समय से बीमार चले रहे थे और इलाज के लिये यहां एक अस्पताल में भर्ती थे।     

जब्बार द्वारा बनाया गया गैर सरकारी संगठन ‘भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन’ लगभग तीन दशक से भोपाल गैस कांड के जीवित बचे लोगों के हित में काम कर रहा है। जब्बार इसके संयोजक थे।     

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अब्दुल जब्बार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जब्बार के निधन से हमने एक संघर्षशील, समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता को खो दिया है।

कमलनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि जब्बार लगातार गैस प्रभावितों के न्याय के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने गैस पीड़ितों के रोजगार और पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे पर्यावरण को लेकर भी सजग थे और समय-समय पर उसकी रक्षा के लिए काम करते रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने वाले श्री जब्बार के निधन से जो क्षति हुई है उसकी पूर्ति संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतृप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भाषा/वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment