मध्य प्रदेश में भाजपा नेता की हत्या, नेता प्रतिपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Last Updated 08 Nov 2019 01:41:12 PM IST

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में जमीनी विवाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सौरभ पाटकर की हत्या कर दी गई।


(प्रतीकात्मक तस्वीर)

पाटकर की हत्या पर दुख जताते हुए नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बकस्वाहा थाना क्षेत्र के भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष सौरभ पाटकर का जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। गुरुवार शाम को कुछ लोग विवादित जमीन पर घास काट रहे थे, तभी मौके पर पहुंचे पाटकर का उनसे विवाद हो गया। इसी बीच पाटकर पर हंसिया, कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला कर दिया गया, गंभीर रूप से घायल पाटकर की बाद में मौत हो गई। आरोपी फरार है।

इस घटना पर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, "भाजयुमो के बकस्वाहा मंडल अध्यक्ष सौरव पाटकर की निर्मम हत्या का दु:खद समाचार मिला। इस घटना की निंदा करता हूं। इस तरह की घटनाएं होना प्रदेश सरकार की लचर कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं।"

आईएएनएस
छतरपुर/भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment