...तब मैंने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी: कमलनाथ

Last Updated 28 Jun 2019 01:26:39 PM IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफे की पेशकश की थी।


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (फाइल फोटो)

कमलनाथ का यह बयान लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उस टिप्पणी के एक दिन बाद आया है जिसमें राहुल ने कहा था कि मुझे इस बात का दुख है कि मेरे इस्तीफे के बाद किसी मुख्यमंत्री, महासचिव या प्रदेश अध्यक्ष ने हार की जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा नहीं दिया।   

लोकसभा चुनाव पर राहुल द्वारा दी गई इस टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए यहां गुरुवार को एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से कमलनाथ ने कहा, ‘‘मैंने मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी ली है। मैं नहीं जानता कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है, लेकिन मैंने पहले इस्तीफे की पेशकश की थी।’’        

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी सही कह रहे हैं। बाकी नेताओं के बारे में नहीं पता, लेकिन मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूं।’’    

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि कमलनाथ ने लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में करारी हार के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी।   

उन्होंने कहा, ‘‘कमलनाथ ने इस्तीफे की पेशकश करते हुए कहा था कि वह इस हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हैं।’’   

इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मध्य प्रदेश में 29 सीटों में से मात्र एक सीट मिली थी। यह प्रदेश में अब तक कांग्रेस का सबसे खराब प्रदर्शन था।   

पिछले साल नवंबर में मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद भी कमलनाथ ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन इसे पार्टी आलाकमान ने ठुकरा दिया था। तब कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 15 साल बाद भाजपा से सत्ता छीनी थी।

भाषा
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment