झारखंड मे बस-ट्रक के बीच जोरदार टक्कर, 5 लोगों की मौत और दर्जनों घायल

Last Updated 23 Mar 2024 10:30:42 AM IST

झारखंड के लोहरदगा जिले में कुड़ू के पास शुक्रवार रात बारातियों से भरी बस और हाइवा ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।


हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल करीब एक दर्जन लोगों को इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया है।

बारातियों से भरी बस रांची के बोड़ेया से गुमला के विशुनपुर लौट रही थी। रात करीब दस बजे कुड़ू में टाटी चौक के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की बस से सीधी भिड़ंत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, तब घायलों को बस से निकालकर इलाज के लिए लोहरदगा और रांची भेज दिया गया था।

हादसे में जिन पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, उनमें प्रियंका कुजूर (5), सुमंति खेरवार (6), छत्रपाल उरांव, अल्ताफ और आठ महीने का एक बच्चा शामिल है।
 

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment