विपक्षी दल ऐलान करे कि सभी पाकिस्तानियों को नागरिकता देने को तैयार :मोदी

Last Updated 17 Dec 2019 03:35:50 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को संशोधित नागरिकता कानून से किसी भारतीय को कोई नुकसान नहीं होने का दावा दोहराते हुए कांग्रेस समेत विपक्ष को यह सार्वजनिक ऐलान करने की चुनौती दी कि वे सभी पाकिस्तानियों को भारतीय नागरिकता देने के लिए तैयार हैं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के भोगनाडीह में एक चुनावी रैली को सम्बोधित किया

मोदी ने झारखंड के भोगनाडीह में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘संशोधित नागरिकता कानून से कोई नागरिक प्रभावित नहीं होगा, कांग्रेस समस्या पैदा करने के लिए लोगों को भड़का रही है।’’

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून ना तो किसी भारतीय के अधिकार लेता है, ना ही उसे किसी भी तरह नुकसान पहुंचाता है। 

उन्होंने नागरिकता कानून को लेकर कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी भारत में मुसलमानों के लिए डर का माहौल बना रही है। 

प्रधानमंत्री ने झारखंड की रैली में कहा, ‘‘मैं कांग्रेस, उसके मित्रों को यह सार्वजनिक ऐलान करने की चुनौती देता हूं कि वे सभी पाकिस्तानियों को भारतीय नागरिकता देने के लिए तैयार हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानना चाहता हूं कि नया नागरिकता कानून मुसलमानों या किसी भारतीय नागरिक के अधिकारों का अतिक्रमण कैसे करता है।’’    

मोदी ने कहा कि हमने जो कानून बनाया है, वह धार्मिक उत्पीड़न के कारण पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को छोड़कर आने वाले लोगों के लिए है। ऐसे लोगों के लिए है जिनकी हालत दयनीय है और जो वापस नहीं जा सकते। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में हिम्मत है तो उनकी चुनौती को स्वीकार करे वरना झूठ फैलाना, लोगों को डराना और गुमराह  करना बंद कर दे। वह अपनी गुरिल्ला राजनीति बंद कर दे। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस देश के युवाओं को बर्बाद करने वाला खेल खेलना भी बंद कर दे, इससे  किसी का भला नहीं होगा।

मोदी ने कहा, ‘‘मैं पिछले 20 सालों से देख रहा हूं, कांग्रेस और उसके सहयोगियों को केवल  मोदी से नफरत है। वे इससे आगे कुछ देख ही नहीं पाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी आरक्षण को लेकर भी लोगों में झूठा भ्रम फैलाते रहे। वे कहते थे कि देश में मोदी की सरकार बनते ही आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि अभी उनकी सरकार ने आरक्षण को एक बार फिर दस साल के आगे बढ़ा दिया है।

मोदी ने चुनावी रैली में कहा कि झारखंड की जनता ने विधानसभा चुनावों के चार चरणों में निडर होकर मतदान किया। 

उन्होंने जनता से भाजपा के लिए मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि जब कमल खिलता है तो आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं को फायदा होता है।  

मोदी ने जनसभा में कहा, ‘‘भाजपा पर आपके आशीर्वाद से कांग्रेस, झामुमो, राजद और वाम दलों की रातों की नींद उड़ी हुई है। वे सच को पचा नहीं पा रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि कांग्रेस की ‘बांटो और राज करो’ की नीति से देश का एक बार बंटवारा हो चुका है। यह वही कांग्रेस है, जिसने लाखों घुसपैठियों को भारत में घुसने दिया और उनका वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोगों को डराने और झूठी बात फैलाने को ही अपनी राजनीति का आधार बना लिया है। वह जनता की सेवा करके नहीं बल्कि लोगों को डराकर और झूठ फैलाकर राजनीति करने की अपनी आदत पर आज भी कायम है।

मोदी ने सीएए के विरोध में छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस एवं उसके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस गरीब मां-बाप ने मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों को पढ़ने के लिए भेजा है, उनके सपनों को तहस-नहस क्यों कर रहे हो। कांग्रेस देश के युवाओं को बर्बाद करने वाला खेल खेलना बंद कर दे, इससे किसी का भला नहीं होगा।

प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनरत विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा, ‘‘मैं देश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से आग्रह करता हूं कि आप अपने जीवन के उद्देश्य और अपने संस्थान के महत्व को समझें। सरकार की नीतियों को लेकर आप चर्चा करें, बहस करें। यदि आपको कुछ गलत लगता है तो इसे लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाएं। सरकार आपकी समस्याओं को सुनेगी भी और उसे समझेगी भी। लेकिन, आपको यह भी समझना होगा कि कहीं कुछ दल, कथित अरबन नक्सल और अपने आपको बुद्धिजीवी कहने वाले लोग आपके  कंधे पर बंदूक रखकर अपना राजनीतिक उल्लू तो सीधा नहीं कर रहे हैं। आपकी  बर्बादी करने के पीछे इनका यह षड्यंत्र तो नहीं है।’’

भाषा/वार्ता
रांची/भोगनाडीह


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment