2024 तक देश से निकाले जाएंगे सभी घुसपैठिए

Last Updated 03 Dec 2019 06:03:37 AM IST

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने देश भर में एनआरसी लागू करने के लिए 2024 की समय सीमा तय करते हुए कहा कि अगले आम चुनावों तक ‘हर’ घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से निष्कासित किया जाएगा।


भाजपा अध्यक्ष अमित शाह

पश्चिम बंगाल में कुछ भाजपा नेताओं द्वारा यह आशंका जताए जाने के बावजूद कि हाल के उपचुनावों में यह मुद्दा पार्टी को भारी पड़ा, केंद्रीय गृह मंत्री ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दलों की आपत्तियों के बावजूद इस राष्ट्रव्यापी कवायद को अंजाम दिया जाएगा।
शाह ने सोमवार को झारखंड के चक्रधरपुर और बहरागोड़ा में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज मैं आपको बताना चाहता हूं कि 2024 के चुनावों से पहले देशभर में एनआरसी कराई जाएगी और हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे निष्कासित किया जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल बाबा (कांग्रेस नेता राहुल गांधी) कहते हैं कि उन्हें मत निकालिए। वो कहां जाएंगे, वो क्या खाएंगे? लेकिन मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि 2024 में देश में चुनावों से पहले सभी अवैध प्रवासियों को बाहर निकाल दिया जाएगा।’’

उठाया नक्सलवाद का मुद्दा : शाह ने झारखंड के लोगों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल उनकी पार्टी के पक्ष में करने की अपील करते हुए कहा कि उनका मत तय करेगा कि राज्य विकास के पथ पर बढ़ेगा या नक्सलवाद की राह पर। उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए राष्ट्रीय और स्थानीय मुद्दे समान महत्व के हैं, क्योंकि राज्य के लोग चाहते हैं कि नक्सलवाद की तरह ही आतंकवाद का भी खात्मा हो।
राम जन्मभूमि का मुद्दा उठाया: एक बार फिर राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद का मुद्दा उठाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय में इस मामले में सुनवाई को बाधित करने की कोशिश की।
राहुल गांधी को दी चुनौती : शाह ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी आज झारखंड में हैं। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि वह पिछले 55 सालों में अपनी पार्टी के विकास कार्यक्रमों का हिसाब दें, हम यहां अपने पांच साल के हिसाब के साथ हैं।’’

भाषा
चक्रधरपुर/बहरागोड़ा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment