छत्तीसगढ़ में रायपुर की पूर्व विधायक रजनी ताई उपासने का निधन
छत्तीसगढ़ में रायपुर की पूर्व विधायक रजनी ताई उपासने का बुधवार शाम यहां के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
![]() |
उनके पुत्र और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि 92 वर्षीय रजनी ताई को पिछले सप्ताह यहां वीवाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज बुधवार देर शाम उनका निधन हो गया।
महाराष्ट्र के परतवाड़ा में 28 अप्रैल, 1933 को जन्मीं रजनी ताई उपासने का विवाह अकोट निवासी दत्तात्रेय प्रह्लाद उपासने से हुआ था। उनके चार पुत्र - जगदीश, सच्चिदानंद, गिरीश और हेमंत हैं।
सच्चिदानंद ने बताया कि वह प्रारंभ से ही भारतीय जन संघ की कार्यकर्ता रहीं तथा पूरा परिवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यों के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ कई आंदोलनों में सक्रिय रूप से भाग लिया और जेल भी गईं।
भाजपा नेता ने बताया कि आपातकाल के दौरान, जब उनके तीन बेटे मीसा के तहत जेल में थे, तब उन्होंने एक भूमिगत आंदोलन का नेतृत्व किया।
वर्ष 1977 में, वह जनता पार्टी के टिकट पर तत्कालीन मध्यप्रदेश के रायपुर शहर से विधायक चुनी गईं और बाद में राज्य समाज कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष रहीं। उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी संभालीं तथा भाजपा की महिला शाखा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के लोगों से घनिष्ठ संबंधों के लिए जानी जाने वाली रजनी ताई का अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, राजमाता विजया राजे सिंधिया, अर्जुन सिंह और सुंदरलाल पटवा जैसे नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध थे।
सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि रजनी ताई का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को रायपुर में होगा।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रजनी ताई उपासने के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन और समाज में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
साय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा है, ''रायपुर की पहली महिला विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता व लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सच्चिदानंद उपासने जी की पूज्य माताजी श्रीमती रजनी ताई उपासने जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा और समाज हित के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।''
| Tweet![]() |