सीएए का विरोध प्रदर्शन मुस्लिम क्षेत्रों में हैं, शिवसेना इस कानून के पक्ष में है : तिवारी

Last Updated 24 Jan 2020 11:46:43 PM IST

शिव सेना के संगठन मंत्री अशोक तिवारी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर ज्यादातर विरोध प्रदर्शन मुस्लिम क्षेत्रों में हो रहे हैं जबकि शिवसेना इस कानून के पक्ष में है।


शिव सेना के संगठन मंत्री अशोक तिवारी

शिव सेना के संगठन मंत्री अशोक तिवारी ने शुक्रवार को वृन्दावन में संवादाताओं ने पूछा कि एक ओर शिवसेना महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ सरकार चला रही है और दूसरी ओर कांग्रेस सीएए का विरोध करने के बावजूद पार्टी सीएए का समर्थन कर रही है, जो एक प्रकार से विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ सरकार चला रही है दूसरी ओर कांग्रेस द्वारा सीएए का विरोध करने के बावजूद पार्टी सीएए का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र के विकास को लेकर समझौता हुआ है। कामन मिनिमम प्रोग्राम बनाया गया है उस पर एक रहने के लिए दोनो दल एक मत हैं।
    
श्री तिवारी ने कहा कि सीएए होना बहुत जरूरी है। हिंदुस्तान में यदि बाहर से आए शरणार्थियों को नागरिकता नहीं मिलेगी ते वे कहां जाएंगे। आज पाकिस्तान  हिंदुओं पर अत्याचार कर रहा है उनका शोषण कर रहा है। हिंदुस्तान ही एक ऐसा देश है जहां से वे भागकर आ सकते हैं और शरण ले सकते हैं। इसलिए यहां शरणार्थियों को नागरिकता देना जरूरी है।
     
एक सवाल पर श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के साथ सरकार इसलिए बनी है कि भाजपा ने शिवसेना को समय समय पर धोखा दिया। विधान सभा चुनाव के बाद भी भाजपा ने पार्टी को धोखा दिया गया, जिसके कारण पार्टी के पास कोई विकल्प नहीं था और कांग्रेस के साथ सरकार बनाई।
      
उन्होंने स्वीकार किया कि मथुरा में शिव सेना का संगठन कमजोर है क्योकि उनका समझौता भाजपा से था। स्वर्गीय प्रमोद महाजन तथा बालासाहब ठाकरे का जो समझौता था उसमें प्रमोद महाजन ने कहा था कि शिवसेना महाराष्ट्र में अपनी तालक बढ़ाए और भाजपा पूरे देश में। उस समय शिव सेना हिंदुत्व पर काम करती थी और चूंकि चुनाव नहीं लड़ती थी, इसलिए उसका फायदा भाजपा उठाती थी। अब चूंकि भाजपा ने ही अपना अलग रास्ता अपना लिया है, इसलिए अब वे पार्टी को मजबूत करने निकले हैं।


    
श्री तिवारी ने कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शिवसेना को पूरे देश में मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है। उसी संदर्भ में गुरूवार को वे झांसी में थे और आज यहां आए हैं। कुछ लोग रूठे भी हो सकते हैं, उन्हें मनाने भी आए हैं तथा नए लोगों को जोड़ने आए हैं। अब देश के अन्य भागों से भी उनके सांसद और विधायक निकलेंगे।

वार्ता
मथुरा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment