छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के नाम का आज होगा एलान

Last Updated 15 Dec 2018 01:47:31 PM IST

छत्तीसगढ़ में दो तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर 15 वर्षों बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की आज शाम यहां होने वाली बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जायेगी।


छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के नाम का आज होगा ऐलान (फाइल फोटो)

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ आज फिर एक दौर की दिल्ली में दावेदारों के साथ बैठक हुई, और इसके बाद वहां से सभी रायपुर के लिए विशेष विमान से रवाना हो गए है।

गांधी ने दावेदारों से आज भी एक एक कर चर्चा की, और बाद में सभी के साथ बैठक की।सामूहिक बैठक में सभी ने गांधी को विश्वास दिलाया कि उनका जो भी निर्णय होगा, वह सभी को मान्य होगा।     
    
सूत्रों के अनुसार गांधी द्वारा तय नाम को राज्य के लिए नियुक्त पार्टी पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे एवं राज्य के प्रभारी पीएल पुनिया दावेदारों के साथ शाम पांच बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होने वाली विधायकों की बैठक में पहुंचेगे और वहां पर दावेदार ही गांधी द्वारा तय नाम का नेता पद के लिए प्रस्ताव रखेंगे, और उसका विधायक अनुमोदन करेंगे।  
   
पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के तुरंत बाद प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने वाले भूपेश बघेल मुख्यमंत्री के सबसे प्रबल दावेदार है, जबकि कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य ताम्रध्वज साहू को भी इस पद का दावेदार माना जा रहा है। दुर्ग से सांसद साहू ने नामांकन के अंतिम क्षणों में पार्टी अध्यक्ष गांधी के निर्देश पर विधानसभा का चुनाव लड़ा था।


   
राज्य के चर्चित सीडी कांड में बघेल को जेल भी जाना पड़ा। इसके बावजूद उन्होने राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने का प्रयास किया। बघेल अविभाजित मध्यप्रदेश में दिग्विजय सरकार एवं छत्तीसगढ़ गठन के बाद जोगी सरकार में मंत्री रह चुके है। इस पद के एक और प्रमुख दावेदार नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव ने चुनाव प्रचार शुरू होने से पहले तक काफी समन्वय से बघेल के साथ काम किया और संघर्ष में उनके साथ रहे। अन्तिम समय में दोनो के बीच थोड़े खटास की खबरें आती रही है।
  
इस पद के प्रमुख दावेदार पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. महंत मध्यप्रदेश में लम्बे समय तक मंत्री रह चुके है। उन्हे सौभ्य एवं सभी को साथ लेकर चलने वाला नेता माना जाता है। पद के तीन दावेदार बघेल, साहू और महंत अन्य पिछड़ा वर्ग से जबकि एक मात्र दावेदार सिंहदेव सामान्य वर्ग से है। सिंहदेव सरगुजा के पूर्व राजा है।
 

 

वार्ता
रायपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment